प्रदूषण मुक्त तेलंगाना का लें संकल्प : पोन्नम
हैदराबाद, विश्व पर्यावरण दिवस पर परिवहन तथा जिला प्रभारी मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि राज्य के सभी नागरिकों को तेलंगाना को प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए। मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने आज प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा गोलकोंडा सरकारी एरिया अस्पताल में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को पौधे लगाकर उनकी रक्षा करनी चाहिए। पौधे लगाना जीवन की गतिविधियों का अहम हिस्सा होना चाहिए।
प्रदूषण मुक्त तेलंगाना का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण की रक्षा करने का संकल्प लेना चाहिए। अगर हम पेड़ लगाने में लापरवाही बरतेंगे, तो आने वाली पीढ़ी कृत्रिम ऑक्सीजन लेने की स्थिति में आ जाएगी। इसलिए सभी को पेड़ लगाकर पर्यावरण की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण के बीच लोग कैंसर और मधुमेह से पीड़ित होकर दवाओं पर निर्भर हो रहे हैं।
अगर हमें प्रदूषण को लेकर हैदराबाद को दूसरी दिल्ली नहीं बनाना है, तो पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देना होगा। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति जो सोचता है कि तेलंगाना हमारा है, उसे दैनिक जीवन से प्लास्टिक को दूर करने का प्रयास करना चाहिए। साथ ही जन्मदिन व अन्य विशेष दिनों पर पेड़ लगाने चाहिए। हैदराबाद जिला कलेक्टर अनुदीप दुरीशेट्टी ने कहा कि पेड़ छाया के साथ प्रावफढतिक ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं।
यह भी पढ़ें… सरकारी कर्मचारियों को डबल डीए
पेड़ प्रगति की सीढ़ी हैं। सभी को पेड़ लगाते हुए समाज में बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए। प्रदूषण को रोकने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने के बजाय सभी जूट के थैलों का उपयोग करें। जहीराबाद के सांसद सुरेश शेतकर तथा स्थानीय विधायक कौसर माहिउद्दीन ने लोगों से वृक्षारोपण द्वारा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



