तेलंगाना : 150 सिटी बसों में लगेंगे लगेजरैक, एसी बसों में 30 प्रतिशत छूट
हैदराबाद, तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर की बसों में लगेज रैक लगाने का निर्णय लिया। पहले चरण में जीएचएमसी क्षेत्र में चलने वाली 150 सिटी बसों में यह सुविधा शुरू की जाएगी। बताया गया कि छात्रों और नौकरीपेशा यात्रियों की ओर से लंबे समय से इस सुविधा की माँग की जा रही थी। भीड़भाड़ वाली बसों में भारी बैग लेकर यात्रा के दौरान होने वाली मुश्किलों को देखते हुए निगम द्वारा यह कदम उठाया गया।
इसके तहत शुरुआत में दो सिटी बसों में लगेज रैक लगाए गए। यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब 150 बसों में रैक लगाने का काम शुरू किया गया। बताया गया कि सिटी बसों में लगाए जाने वाले लगेज रैक जिला या लंबी दूरी की बसों की तुलना में छोटे और कम ऊँचाई वाले होंगे, ताकि यात्रियों की आवाजाही में बाधा न आए। यह कार्य मियाँपुर स्थित आरटीसी के बस बॉडी बिल्डिंग यूनिट को सौंपा गया है। प्रत्येक बस में लगेज रैक लगाने पर करीब 15 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें… बुद्ध और अंबेडकर के मार्ग पर शासन : भट्टी विक्रमार्का
टीजीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक वाई. नागी रेड्डी ने भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए एसी बसों के किराए में 30 प्रतिशत छूट देने की घोषणा की। यह छूट 1 मार्च से 31 मई तक लागू रहेगी। यह रियायत आउटर रिंग रोड (ओआरआर) के भीतर संचालित 90 एसी बसों पर लागू होगी, जिनमें 50 पुष्पक एयरपोर्ट सेवाएँ और 40 अन्य एसी बसें शामिल हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



