तेलंगाना सरकार ने जीआईसीए से वित्तीय सहायता की अपील की
हैदराबाद,राज्य सरकार ने राज्य में किये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के लिए निधियां जुटाने हेतु जापान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जीआईसीए) के शीर्ष प्रबंधन के साथ चर्चा की। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में जापान की यात्रा पर गये तेलंगाना प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जीआईसीए के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात की। बैठक में मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, जीआईसीए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शोहेई हारा व अन्य प्रबंधकों ने भाग लिया। चर्चा के दौरान राज्य सरकार ने मेट्रो रेल के दूसरे चरण, मूसी पुनरुद्धार, क्षेत्रीय रिंग रोड को बाहरी रिंग रोड से जोड़ने वाली रेडियल सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया है।
मेट्रो रेल और मूसी पुनरुद्धार के लिए ऋण की मांग
इस अवसर पर रेवंत रेड्डी ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए तेलंगाना सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही सकारात्मक नीतियों और हैदराबाद को वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में अत्यधिक आकर्षक शहर के रूप में विकसित करने के लिए शुरू की गई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24,269 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में निर्माण किये जाने वाले मेट्रो रेल के दूसरे चरण के प्रस्ताव फिलहाल केंद्र सरकार के अंतिम विचाराधीन हैं। उन्होंने इस परियोजना के लिए लागत में 48 प्रतिशत यानि 11,693 करोड़ रुपये का ऋण देने का अनुरोध किया। इसके अलावा उन्होंने मेट्रो के साथ-साथ मूसी पुनरुद्धार परियोजना और नई रेडियल सड़कों के लिए ऋण देने का आग्रह भी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भारत सरकार के विदेशी ऋण मानदंडों का कड़ाई से पालन करेगी। इस के अलावा सीएम ने उनके साथ हैदराबाद शहर को न्यूयॉर्क और टोक्यो जैसे वैश्विक शहरों के बराबर विकसित करने के अपने विचार साझा किया। प्रतिक्रिया देते हुए शोहेई हारा ने कहा कि जीआईसीए का तेलंगाना के साथ दीर्घकालिक संबंध रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मेट्रो रेल के विस्तार और अन्य विकास परियोजनाओं के लिए उनसे वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए पहले केंद्र सरकार से संपर्क करने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें– सफल व्यक्ति बनने से ज्यादा महत्वपूर्ण है अच्छा व्यक्ति बनना -राष्ट्रपति मुर्मु
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






