भविष्य के लिए तैयार पुलिसिंग का मॉडल होगा तेलंगाना : श्रीधर बाबू

हैदराबाद, आईटी एवं उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने कहा कि सरकार राज्य को फ्यूचर-रेडी पुलिसिंग का राष्ट्रीय आदर्श बनाने के लिए काम कर रही है। अपराध के बदलते तौर तरीकों की चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार ट्रिपल-टी रणनीति टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और टैलेंट को अपनाने की रणनीति पर कार्य कर रही है।

उद्योग मंत्री हैदराबाद स्थित आरबीवीआरआर तेलंगाना पुलिस अकादमी में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के लिए आयोजित विशेष कार्यशाला तेलंगाना पुलिस ऑफिसर्स रिट्रीट समारोह को संबोधित कर रहे थे। श्रीधर बाबू ने कहा कि सरकार पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और टैलेंट पर आधारित ढाँचे पर काम कर रही है। यह रणनीति कानून-व्यवस्था एजेंसियों को तेजी से बदलते अपराधों के स्वरूप के अनुरूप ढलने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य की पुलिसिंग के लिए पेशेवर दक्षता, संचालन क्षमता, नेतृत्व, नवाचार, सहयोग और नैतिकता जैसे तत्व बेहद महत्वपूर्ण हैं।

यह भी पढ़ें… अंबरपेट सर्विस रोड का काम पूरा करने के लिए हस्तक्षेप करें रेवंत : किशन रेड्डी

पुलिसिंग में अब डेटा सुरक्षा और डिजिटल भरोसा भी अहम

पहले पुलिसिंग का दायरा मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित था, लेकिन अब इसमें डेटा सुरक्षा और डिजिटल भरोसा शामिल हो गया है, क्योंकि अपराध अब भौतिक सीमाओं से निकलकर डिजिटल दुनिया में फैल रहा है।राष्ट्रीय आंकड़ों का हवाला देते हुए श्रीधर बाबू ने कहा कि 2024 में पूरे भारत में साइबर अपराधियों ने 22,845 करोड़ रुपये की ठगी की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 206 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने चिंता जताई कि साइबर अपराध के शिकार अक्सर अशिक्षित नहीं, बल्कि ज्यादतर शिक्षित लोग बन रहे हैं।

तकनीक आधारित पुलिसिंग के मामले में तेलंगाना पहले से ही अग्रणी राज्यों में शामिल है। आने वाले वर्षों में सरकार डेटा एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से प्रेडिक्टिव पुलिसिंग को बढ़ावा देगी, जिससे अपराध होने से पहले ही उन्हें रोकने में मदद मिलेगी। मंत्री ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग तभी संभव है, जब पुलिस जनता का विश्वास जीत सके। राज्य के दीर्घकालिक लक्ष्य तेलंगाना राइजिंग 2047 को हासिल करने में पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

मंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जाएगा। अवसर पर पुलिस महानिदेशक शिवाधर रेड्डी, तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो की निदेशक शिखा गोयल, पुलिस अकादमी की निदेशक अभिलाषा बिष्ट, सेवानिवृत्त डीजीपी एच.जे. दोरा, महेंद्र रेड्डी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button