तेयुप ने किया आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण का आयोजन
हैदराबाद, अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के तत्वावधान में गुरुदेव आचार्य श्री महाश्रमण जी के 53वें दीक्षा दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में हैदराबाद में प्रथम शिविर का सफल एवं प्रभावी आयोजन सम्पन्न हुआ।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में मीनाक्षी सुराणा ने बताया कि युवा दिवस 2026 के अवसर पर तेरापंथ युवक परिषद, हैदराबाद द्वारा ‘टीटीएफ शौर्य’ के अंतर्गत अकैडेमस स्कूल, हैदराबाद में विशेष आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को आपातकालीन
परिस्थितियों जैसे जलने, रक्तस्त्राव, दम घुटने, फ्रैक्चर में त्वरित एवं प्रभावी प्राथमिक उपचार प्रदान करने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, स्ट्रेचर के सही उपयोग तथा सीपीआर जैसी जीवनरक्षक प्रक्रियाओं का भी विस्तारपूर्वक अभ्यास कराया गया।
इस प्रशिक्षण सत्र का संचालन ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेस के अनुभवी प्रशिक्षक प्रमोद कुमार द्वारा अत्यंत कुशलता के साथ किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं उपयोगी ज्ञान प्राप्त हुआ। इस महत्वपूर्ण पहल को यंग इंडियंस तथा हैदराबाद सिटी सिक्योरिटी काउंसिल का सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे कार्यक्रम की गुणवत्ता और प्रभावशीलता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

तेरापंथ युवक परिषद, हैदराबाद की ओर से मंत्री नीरज सुराणा, टीटीएफ ग्रीन ब्रिगेड के कार्यकारी सदस्य प्रांजल दुगड़ एवं सदस्य सौरभ बैद की सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय रही। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। यह आयोजन न केवल आपात स्थितियों में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सशक्त कदम है, बल्कि समाज में सेवा, सुरक्षा और सजगता की भावना को भी सुदृढ़ करता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



