भाजपा ने तेलंगाना के सभी नगरपालिकाओं में उम्मीदवारों की तैयारी पूरी की
हैदराबाद, मुंबई में कार्पोरेशन चुनावों तथा केरल के तिरुवनंतपुरम में जीत के जोश से भरी भाजपा का राष्ट्रीय हाईकमान तेलंगाना में पहली बार सभी 116 म्युनिसिपालिटियों, 7 कॉर्पोरेशनों सहित वार्डों पर अधिकारिक तौर पर उम्मीदवार उतारने जा रहा है।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सिन्हा ने पद्भार संभालते ही तेलंगाना के म्युनिसिपालिटी चुनाव के लिए चुनाव प्रभारी के तौर पर महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेल्लार के नेतृत्व में तीन सदस्सीय कमेटी का गठन किया। कमेटी में सह प्रभारी राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी व पूर्व महिला कमीशन की चेयरपर्सन व राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा को स्थान दिया गया है।
इसके तुरंत बाद स्थितियों की समीक्षा करके कमेटी ने राज्य की सभी 116 म्युनिसिपालिटियों व 7 कॉर्पोरेशनों में पार्टी के उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया। म्युनिसिपालिटी चुनाव पर केंद्रीय हाईकमान सीधे नजर रखे हुए है। इन चुनाव के तहत 5 भारी जनसभाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भाग लेने की संभावना है। अभी जनसभाओं की तिथियों पर निर्णय नहीं लिया गया है। सूत्रों के अनुसार यह जनसभाएँ उत्तर व दक्षिण तेलंगाना में होंगी।
4 को महबूबनगर में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
चार फरवरी को महबूबनगर स्थित एमवेएस डिग्री कॉलेज मैदान में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सिन्हा, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करेंगे। तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव व म्युनिसिपालिटी चुनाव में जीत के लक्ष्य से साथ आगे बढ़ रही भाजपा का प्रदेश मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मुख्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति को लेकर बैठकों का दौर जारी है।
इसी सिलसिले में आज चुनावी उम्मीदावरों को दिए जाने वाले बी-फार्म संबंधित प्रभारियों को सौंप दिए गए। प्रदेश अध्यक्ष रामचंदर राव की उपस्थिति में मुख्य नेताओं की हुई बैठक में संगठन मंत्री चंद्रशेखर तिवारी, प्रदेश महासचिव डॉ. एन. गौतम राव, उपाध्यक्ष टी. वीरेंदर गौड़, लीगल सेल संयोजक एंथोनी रेड्डी, वेमुला अशोक, चुनाव प्रभारियों व अन्य जनप्रतिनिधियों ने भावी रणनीति पर चर्चा की। बंद कमरे में हुई बैठक में किसी हाल म्युनिसिपालिटी चुनाव में नए, पुराने, सीनियर, जूनियर नेताओं का अंतर न रखकर जीत हासिल करने के लक्ष्य से सभी को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए।
म्युनिसिपल जीत के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा
इसके अलावा साफ किया गया कि व्यक्ति से अधिक पार्टी है। इसलिए भाजपा का लक्ष्य अधिक से अधिक म्युनिसिपल कार्पोरेशन तथा चेयरपर्सन हासिल करने का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैठक में प्रदेश अध्यक्ष द्वारा यह स्पष्ट कर दिया गया कि जीतने वाले स्थानों पर जिन्हें टिकट दिया जाएगा, उन्हें जिताने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। जिन्हें टिकट नहीं मिला, वह निराश न हों। उनके लिए दूसरी व्यवस्था रहेगी।
यह भी पढे़: तेलंगाना में लहराएगा भाजपा का परचम : रामचंदर राव
साथ यह भी स्पष्ट किया गया कि टिकट न मिलने पर जल्दबाजी में आकर पार्टी के विरुद्ध व्यवाहर किया गया, तो उसे पार्टी के अनुशासन का उल्लंघन माना जाएगा। सूत्रों के अनुसार, रामचंदर राव ने यह भी जताया कि नाराजगी के चलते भाजपा में रहकर दूसरी पार्टी की ओर से यदि नामांकन भरने या दूसरी पार्टी को सहयोग करने वालों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्हें भविष्य में वापस पार्टी में स्थान तक नहीं दिया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






