धूलपेट में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि मनाई गई
हैदराबाद, लोध बंधू संघ द्वारा हिंदू हृदय सम्राट, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा के पूर्व राज्यपाल स्व. कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
अपर धूलपेट, गंगाबावली स्थित कल्याण सिंह स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में गोशामहल विधायक टी. राजा सिंह ने भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि कल्याण सिंह ने राष्ट्रहित और हिंदुत्व के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके आदर्श हमें सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह का नाम आते ही हर हिंदू के मन में गर्व की भावना जगती है। अयोध्या आंदोलन में जो निर्णायक भूमिका निभाई, वह इतिहास में हमेशा अमर रहेगी। वर्ष 1992 में जब पूरा देश राम जन्मभूमि आंदोलन से आंदोलित था, उस समय मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि रामभक्तों पर गोली न चले। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिया था कि चाहे उनकी सरकार गिर जाए, लेकिन निर्दोष रामभक्तों पर हिंसा नहीं होनी चाहिए। यह उनका साहस और त्याग था जिसने हिंदुत्व की नींव को और मजबूत किया। उन्होंने आगे कहा कि आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है।

बाबूजी ने हिंदुत्व के लिए अपना जीवन समर्पित किया- राजा सिंह
राजा सिंह ने उस पावन धाम में यदि कोई नेता सबसे बड़ा योगदान लेकर अमर हुआ है, तो वह लौह पुरुष कल्याण सिंह हैं। उन्होंने अपने पद की कुर्बानी दी, लेकिन हिंदू समाज का सिर कभी झुकने नहीं दिया। यह त्याग और बलिदान ही उन्हें सच्चा हिंदू हृदय सम्राट बनाता है।गोशामहल के पार्षद पी. लाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कल्याण सिंह ने कभी भी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनका राजनीतिक जीवन संघर्ष और सेवा का प्रतीक था। उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि सत्ता का असली उपयोग समाज की भलाई और राष्ट्र निर्माण के लिए होना चाहिए।
युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राजनीति और समाज सेवा में आगे आना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि धूलपेट की भूमि स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि है, इस भूमि से ही सबसे पहले रजाकारों से खिलाफ आवाज उठी थी। उन्होंने निराशा जताते हुए कहा कुछ युवा रजाकारों की पार्टी एमआईएम के नेताओं को धूलपेट में लाकर बुजुर्गों के बलिदान का अपमान कर रहे है।लोध क्षत्रिय सदर पंचायत के संचालक महेश सिंह एडवोकेट ने कहा कि कल्याण सिंह केवल लोध समाज ही नहीं बल्कि पूरे भारतवर्ष के गौरव थे। उन्होंने यह साबित किया कि साधारण परिवार से निकलकर भी व्यक्ति अपने दृढ़ संकल्प और संघर्ष के बल पर सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकता है।
समाज के उत्थान के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि लोध समाज को गर्व होना चाहिए कि उनके बीच से एक ऐसा नेता निकला, जिसने देश की राजनीति की धारा ही बदल दी। आज हमें कल्याण सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर हिंदुत्व, राष्ट्रवाद और समाज की सेवा के लिए संकल्पित होना होगा। उन्होंने कहा कि आज लोध समाज को शिक्षा, रोजगार और राजनीति में संगठित होकर आगे बढ़ना चाहिए। कल्याण सिंह ने हमें दिखाया कि राजनीति में सिद्धांतों और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम में मंगलहाट की पार्षद एम. शशिकला, पूर्व पार्षद परमेश्वरी सिंह, पूर्व पार्षद जी. मुकेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में लोध बंधू संघ के सुरेश सिंह, जे.डी. नितिन, अमरनाथ सिंह, संकेश सिंह, दिगंबर सिंह, पवन सिंह का सहयोग रहा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



