दिल्ली पुलिस ने पीतमपुरा में फर्जी कॉल सेंटर का किया भंडाफोड़, 19 गिरफ्तार
नयी दिल्ली, दिल्ली के पीतमपुरा क्षेत्र में पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर 12 महिलाओं समेत 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों पर आरोप है कि उन्होंने एक वित्तीय कंपनी के प्रतिनिधि बनकर देश के विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ ठगी की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को ऋण और बीमा संबंधी सेवाएं देने का झांसा देते थे और प्रक्रिया संबंधी शुल्क के नाम पर 1500-2000 हजार रुपये डिजिटल माध्यम से वसूल लेते थे।
अधिकारी ने बताया कि पैसा मिलने के बाद, आरोपी कॉल का जवाब देना बंद कर देते थे और पकड़े जाने से बचने के लिए अपने सिम कार्ड बदल देते थे। अधिकारी ने बताया, ‘इलाके में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर के बारे में विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद सात अप्रैल को यह अभियान चलाया गया, जिसके बाद संयुक्त छापेमारी की गई।’ उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान 19 लोग फोन पर बात करने में लिप्त पाये गये और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढे़: दिल्ली पुलिस ने 11 साल से फरार हत्या के आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया
अधिकारी ने बताया कि एक महिला की पहचान टीम लीडर के रूप में हुई है और उसने खुलासा किया कि यह ठगी का सारा काम पीतमपुरा में स्थित एक ‘मैनेजर’ की देखरेख में चलाया गया था, जिसने उन्हें संभावित लक्ष्यों का डाटा और अन्य विवरण उपलब्ध कराया था। पुलिस ने बताया कि कथित साजिशकर्ता का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने 36 मोबाइल फोन और अन्य समान जब्त किया है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



