बहुमुखी विकास से बदल रही है बिहार की तस्वीर : मो.आरिफ

पटना, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि आज की तारीख में बिहार नकारात्मक छवि से कहीं ऊपर उठते हुए बहुमुखी विकास की ओर अग्रसर है। यहाँ आकर लोग बदलते हुए बिहार की नई तस्वीर देखकर अचंभित हो रहे हैं। आज की तारीख में ऐसा कोई भी कारण नहीं है, जिसको लेकर बिहार की छवि नकारात्मक रूप से देखी जाए। आज बिहार के पास वह सब कुछ है, जो लोगों को सहज अपनी ओर आकर्षित कर सके।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान बिहार की विकास यात्रा पर बयान देते हुए

पीआईबी हैदराबाद के तत्वावधान में प्रेस टूर पर आए मीडिया प्रतिनिधियों ने आज राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से लोकभवन में शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने पत्रकारों के सवालों का उत्तर देते हुए कहा कि बिहार लंबे समय से समृद्ध गौरवशाली इतिहास तथा संस्कृति का केंद्र रहा है। इसके अलावा बिहार प्राचीन भारत में साम्राज्यों का केंद्र रह चुका है। यह भूमि माता सीता तथा सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह की जननी है। गौतम बुद्ध को यहाँ मोक्ष की प्राप्ति हुई। ऐसे कई अन्य उदाहरण हैं, जो बिहार को अलग पहचान देते हैं। बावजूद इसके कतिपय कारणों से राज्य ने अपनी पहचान को लेकर उपेक्षा का सामना किया। आज बिहार की अलग और नयी तस्वीर उभर रही है, जो इतिहास, संस्कृति तथा विकास का समन्वय है।

जीवन स्तर में सुधार राज्य सरकार का उत्तरदायित्व

राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि विकास के लिए सबसे बुनियादी तथा अहम आवश्यकता शांति व्यवस्था है। यह सुनिश्चित किया जाना राज्य सरकार का उत्तरदायित्व है कि लोगों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार आए। आम आदमी के दिमाग में यह बात बनी रहे कि न्याय का दरवाजा सभी के लिए समान रूप से खुला है। यानी राज्य सरकार को हमेशा सुशासन और न्यायपूर्ण विकास पर जोर देते हुए समाज के सभी क्षेत्रों और वर्गों के विकास हेतु प्रतिबद्ध होना चाहिए।

राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान बिहार की विकास यात्रा पर बयान देते हुए

राज्यपाल ने बिहार की बदलती छवि से जुड़े कुछ उदाहरण देते हुए कहा कि पहले बिहार पुलिस की छवि अच्छी नहीं थी। आज बिहार की हर सड़क पर पुलिस की वर्दी पहने नौजवान नजर आएँगे। उल्लेखनीय बात है कि बिहार पुलिस में लगभग 35 प्रतिशत महिलाएँ हैं। महिलाओं के इतनी संख्या में प्रतिनिधित्व के कारण पुलिस की छवि में क्रांतिकारी परिवर्तन आया। अन्य क्षेत्रों में भी महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रूप से बढ़ रही है। बिहार सरकार की मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यहाँ साइकिल महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बन गयी है।

यह भी पढ़ें… भारत के विमानन विकास का भागीदार वैश्विक निवेशक-पीएम मोदी

बिहार बन रहा है निवेश का नया गंतव्य

राज्य के अन्य विकासात्मक पहलुओं पर राज्यपाल ने कहा कि मखाना एक ऐसा कृषि उत्पाद है, जो बिहार में अधिक मात्रा में होता है। यह देसी ही नहीं, अपितु विदेशों माँग को भी पूरा करने में समर्थ है। इसके गुणों के चलते इसकी माँग बहुत बढ़ गई है। इसे देखते हुए प्रधानमंत्री द्वारा मखाना बोर्ड स्थापित करने की घोषणा की गई। मखाना बोर्ड किसानों को संगठित कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगा। राज्यपाल ने कहा कि बिहार में भले ही इंडस्ट्री कम हैं, लेकिन सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बहुमुखी विकास की दिशा में प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आज की तारीख में बिहार निवेश का बेहतरीन गंतव्य बन गया है। सभी को कम से कम एक बार बिहार आकर यहाँ की विकास यात्रा का साक्षात अनुभव लेना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि बिहार लोकभवन जन-जुड़ाव को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न राज्यों के स्थापना दिवस मनाने के साथ वहाँ के पर्वों तथा त्यौहारों का उत्सव मनाता है। राज्यपाल ने एक-दूसरे के राज्यों में जाकर वहाँ के इतिहास तथा संस्कृति के साथ विकास कार्यों को लोगों तक पहुँचाने के लिए पीआईबी की प्रेस टूर पहल की सराहना की। राज्यपाल ने हैदराबाद से आए प्रतिनिधियों से बिहार यात्रा से जुड़े अनुभवों की जानकारी लेते हुए उनका सम्मान किया। (श्रद्धा विजयलक्ष्मी)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button