कामारेड्डी–निजामाबाद में मूसलाधार बारिश से जनजीवन ठप
हैदराबाद, राज्य के कामारेड्डी, मेदक, संगारेड्डी, सिद्दीपेट, निजामाबाद, सिरिसिल्ला, करीमनगर में पिछले 2 दिनों से जारी आफत की बारिश की वजह से जनजीवन पटरी से उतर गया। कई क्षेत्रों में हालत इतने गंभीर थे कि सेना के हेलीकॉप्टर से बाढ़ में फंसे लोगों को रेस्क्यू किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेदक, कामारेड्डी में जहां सभी तरह की शैक्षणिक संस्थाओं को अगले 2 दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया गयाI
वहीं साइबराबाद पुलिस ने भी राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर जाने से बचने की चेतावनी देते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियोस में बाढ़ की भयावहता, पानी में बहते वाहन, जलमग्न गणेश पंडालों की स्थिति मामले की गंभीरता दिखा रही है।
नेशनल हाईवे 44 पर यातायात रोका गया, कई कॉलोनियाँ पानी में डूबीं
मूसलाधार बारिश ने कामारेड्डी और निजामाबाद जिले सहित पुराने निजामाबाद जिले के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जगह-जगह पानी भरने से कॉलोनियाँ तालाब में तब्दील हो गई, जबकि खेत पूरी तरह जलमग्न नज़र आए।
एनएच-44 पर यातायात बाधित
भारी बारिश के कारण कामारेड्डी जिले के क्यासमपल्ली में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 को भारी नुकसान पहुंचा। उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर की इस अहम सड़क पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। बारिश की वजह से सड़क पर बने बड़े गड्ढों और दरारों को भरने के लिए अस्थायी मरम्मत कार्य भी चल रहे है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



