अमेरिका-ईरान वार्ता पर अनिश्चितता के बीच इस्लामाबाद में यातायात ठप

इस्लामाबाद, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को भी यातायात ठप रहा, क्योंकि अधिकारी शांति वार्ता के लिए अमेरिका और ईरान के शीर्ष नेताओं के संभावित दौरे का इंतजार कर रहे हैं। प्रमुख मुद्दों पर मतभेदों के कारण वार्ता रुकी हुई है।
इस्लामाबाद और रावलपिंडी के प्रशासन ने रविवार को अति विशिष्ट लोगों के आवागमन वाले क्षेत्रों में सभी प्रमुख सड़कों और बाजारों को बंद कर दिया था, क्योंकि संकेत मिल रहे थे कि बातचीत किसी भी दिन शुरू हो सकती है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
हालांकि, सप्ताह समाप्त होने के बावजूद नेताओं के आगमन का कोई कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। अनिश्चितता के कारण, जिला प्रशासन ने अभी तक नूर खान एयरबेस के आसपास के क्षेत्रों को फिर से खोलने और मेट्रो बस, इलेक्ट्रिक बस सेवाओं और माल परिवहन को फिर से शुरू करने के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है।
दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने की उम्मीद बनाए हुए
पुराने हवाई अड्डे के आसपास की सड़कें, संपर्क मार्ग, बाजार और बैंक पिछले पांच दिनों से लगातार बंद हैं, जिसके कारण शाह फैसल कॉलोनी, खालिद कॉलोनी, गुलजार-ए-कायद, फजल टाउन और अन्य क्षेत्रों के निवासी अपने घरों में ही हैं। रावलपिंडी और इस्लामाबाद के बीच मेट्रो बस सेवा और सात मार्गों पर चलने वाली इलेक्ट्रिक बसें निलंबित हैं जबकि माल परिवहन 19 अप्रैल से रुका हुआ है, जिससे जनता को असुविधा हो रही है।
रेड ज़ोन अब भी बंद है, और इस क्षेत्र में स्थित कार्यालयों के कर्मचारी घर से काम कर रहे हैं। वार्ता शुरू होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पाकिस्तानी अधिकारी राजनयिक प्रयास जारी रखे हुए हैं और दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने की उम्मीद बनाए हुए हैं।
भारत ने अपने हवाई क्षेत्र में पाकिस्तानी विमानों पर प्रतिबंध 24 मई तक बढ़ाया
भारत ने अपने हवाई क्षेत्र में पाकिस्तानी विमानों पर लगाए गए प्रतिबंध को मंगलवार को 24 मई तक के लिए बढ़ा दिया। प्रतिबंध में इस नवीनतम विस्तार के साथ पाकिस्तान के विमानों के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र बंद रहने की अवधि अब एक वर्ष से अधिक हो जाएगी। यह फैसला 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले के कुछ दिनों बाद पहली बार लागू किया गया था।
बुधवार को जारी नोटिस टू एयरमेन (नोटम) में कहा गया है कि भारतीय हवाई क्षेत्र पाकिस्तान में पंजीकृत विमानों और पाकिस्तानी एयरलाइंस या ऑपरेटर द्वारा संचालित या स्वामित्व वाले या पट्टे पर लिए गए विमानों, सैन्य विमानों के लिए उपलब्ध नहीं होगा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल, 2025 को आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद, भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपने-अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए थे।

पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ उठाए गए विभिन्न कदमों के तहत लगाया गया यह प्रतिबंध शुरू में 24 मई, 2025 तक था और बाद में इसे हर महीने बढ़ाया गया। आम तौर पर, नोटम ऐसा नोटिस होता है जिसमें उड़ान संचालन से जुड़े कर्मियों के लिए आवश्यक जानकारी शामिल होती है। पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण अब भारतीय विमानन कंपनियाँ विभिन्न अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुँचने के लिए लंबे मार्ग अपना रही हैं।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





