कड़ाई के साथ किया जाए यातायात नियमों का पालन : पोन्नम

आलिया मॉडल स्कूल में बाल यातायात जागरूकता पार्क उद्घाटित

हैदराबाद, परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि यातायात नियमों की जानकारी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता सभी के लिए आवश्यक है। विशेष रूप से बच्चों को इसकी जानकारी होनी चाहिए, ताकि वह अपनी जान बचाने के प्रति सजग हो सकें। हैदराबाद प्रभारी तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण व परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने आज राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के समापन पर आबिड्स स्थित आलिया स्कूल में बच्चों के लिए बनाए गये यातायात पार्क का उद्घाटन किया।

पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि 1872 में स्थापित ऐतिहासिक अलिया स्कूल में बच्चों के लिए यातायात जागरूकता पार्क की स्थापना सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि यह एक सामाजिक आंदोलन है। यदि बच्चे यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करेंगे, तो वह न केवल अपनी जान बचाएँगे, बल्कि दूसरों की जान की सुरक्षा में भी अपनी भूमिका निभाएँगे।

मंत्री ने कहा कि सभी को वाहन चलाते समय मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करना चाहिए। उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही एक और अभियान चलाया जाएगा, जिसमें प्रत्येक छात्र माता-पिता से यह शपथ-पत्र (एफिडेविट) लाकर देगा कि वह यातायात नियमों का पालन करेंगे।

सड़क दुर्घटनाओं में प्रतिदिन 20 मौतें, युवाओं की संख्या अधिक

मंत्री ने बताया कि शहर में यूनिसेफ के सहयोग से यातायात अवेयरनेस पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि युवा संसद की तर्ज पर प्रत्येक स्कूल से कुछ छात्रों को प्रशिक्षित कर स्कूल में जागरूकता फैलाने की योजना है। जहाँ भी स्कूलों में जगह उपलब्ध होगी, वहाँ एसडीएफ निधियों से बच्चों के लिए यातायात जागरूकता पार्क स्थापित किए जाएँगे।

परिवहन आयुक्त इलंबर्ती ने कहा कि तेलंगाना में हर वर्ष लगभग 7,000 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हो रही है। यानी प्रतिदिन लगभग 20 लोग जान गंवा रहे हैं। इनमें बच्चों और युवाओं की संख्या अधिक है। सबसे अधिक मौतें मोटरसाइकिल सवारों की हो रही हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत एक माह तक विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें प्रवर्तन, इंजीनियरिंग और शिक्षा के माध्यम से जन-जागरूकता के कार्य किये गये।

सरकार ने पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को 50 प्रतिशत तक कम करने का लक्ष्य रखा है। आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष सड़क सुरक्षा अभियान नारे के साथ 10 लाख लोगों को प्रत्यक्ष रूप से जागरूक किया गया। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर उन्हें दूर किया गया। हैदराबाद जिले के 183 स्कूलों में 25,000 छात्रों को जागरूक किया गया।

बच्चों के माध्यम से हेलमेट व यातायात नियमों का संदेश

इसके अलावा 50 हेलमेट बाइक रैलियाँ, 10 वॉकाथन, 10 रंगोली प्रतियोगिताएँ, 50 क्विज़ प्रतियोगिताएँ, 100 सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, 50 निबंध प्रतियोगिताएँ, 100 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि 2025 में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 11,000 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए। संयुक्त पुलिस आयुक्त जोएल

अवेयरनेस पार्क की शुरुआत एक सराहनीय कदम है, जिससे छात्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने बच्चों को यातायात नियम अच्छी तरह सिखाए हैं और विद्यार्थियों ने उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में यदि परिवार का मुखिया मर जाता है, तो पूरा परिवार कठिन परिस्थितियों में आ जाता है।

कई अभिभावक बच्चों को बाइक पर ले जाते समय हेलमेट नहीं पहनते। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वह माता-पिता से कहें कि हेलमेट के बिना वह बाइक पर नहीं बैठेंगे। उन्हेंने कहा कि चार वर्ष से ऊपर की आयु के प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट पहनना अनिवार्य है। बच्चों को माता-पिता से हेलमेट दिलाने के लिए कहना चाहिए।

अवसर पर बच्चों ने सड़क सुरक्षा नियमों पर विशेष प्रदर्शन किया। बताया गया कि लगभग 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस पार्क में परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पार्क में यातायात सिग्नल, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, अस्पताल क्षेत्र, वन क्षेत्र, जंक्शन, डिवाइडर और स्कूल रोड क्रॉसिंग जैसे मॉडल बनाए गए हैं।

कार्यक्रम में हैदराबाद जिला कलेक्टर हरिचंदना दासरी, यूनिसेफ के प्रतिनिधि डॉ. जेल एलएलएम, स्थानीय पार्षद सुरेखा, क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक सोमिरेड्डी, जिला शिक्षा अधिकारी रोहिणी, जेटीसी रमेश, चंद्रशेखर गौड़, शिवलिंगैया, राज्य आरटीए सदस्य नवीन, सुरेश लाल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button