जयश्रीजी आदि ठाणा-3 का त्रयनगर प्रवेश संपन्न
हैदराबाद, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ, बोलारम के तत्वावधान में सिद्धार्थमुनिजी म.सा. के सान्निध्य में जयश्रीजी म.सा., राजश्रीजी म.सा., समीक्षाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा-3 का आज त्रयनगर मंगल प्रवेश भव्यता से संपन्न हुआ।
अवसर पर विभिन्न संघों के पदाधिकारियों ने साध्वीवृंद की अगुवाई की। रिसाला बाजार स्थित तेरापंथ भवन में मीठालाल उज्ज्वल, विनोद, आशीष, धैर्य तेजस मखाना परिवार द्वारा अल्पाहार के बाद साध्वीवृंद की मंगल शोभायात्रा जयकारों के साथ आरंभ हुई, विभिन्न मार्गों से होते हुए बोलारम स्थित श्री पतासीबाई गुलाबचंद सुराणा जैन स्थानक पहुँची, जहाँ त्रयनगर मंगल प्रवेश हुआ।
यहां आयोजित धर्म सभा को संबोधित करते हुए सिद्धार्थमुनिजी म.सा. ने कहा कि जीवन में चार तरह के लोग होते हैं। एक वो जो एक कान से सुनते हैं, दूसरे से निकाल देते हैं। दूसरे वह जो औंधे घड़े की तरह होते हैं, जो स्थानक में केवल सोने के लिए आते हैं। तीसरे वह होते हैं, जो स्थानक एवं साधु संतों से दूर रहते हैं और चौथे वह होते हैं, जो स्थानक में प्रवचन में आते हैं, उनको सुनते हैं और जीवन में उसे अंगीकार करते हुए जीवन को ज्ञान, दर्शन एवं चरित्र में लगाते हैं।
चातुर्मास में संकल्प, सेवा और सत्संग की आवश्यकता
आप किस प्रकार के जीवन को अपनाना चाहते हैं, यह देखें। जयश्रीजी म.सा. आदि ठाणा का चातुर्मास भव्य रूप से ऐतिहासिक और सफल बनाएँ। चातुर्मास में तप, त्याग, संयम की ठाठ लगाएँ। म.सा. ने कहा कि चातुर्मास के चार माह में सभी लाभ लेते हैं, लेकिन चातुर्मास के बाद साधु-संतों की ओर ध्यान नहीं देते। म.सा. ने कहा कि चातुर्मास में संवत्सरी के बाद श्रावक-श्राविकाएँ त्यौहार, पर्व काम का व्यापार का बहाना कर स्थानक में प्रवचन में नहीं आते।
अधिकतर स्थानकों में गिनती के श्रावक-श्राविकाएँ ही आते हैं। इस प्रकार न हो। चातुर्मास के चार माह प्रवचन सुनें। अपने जीवन के कल्याण के लिए 1 घंटे का समय प्रतिदिन चातुर्मास में अवश्य दें। म.सा. ने कहा कि एक समय था, जब बोलारम संघ में धर्म की ठाठ लगी रहती थी, महान संतों के चातुर्मास ऐतिहासिक हुआ करते थे, लेकिन वर्तमान में संघ कमजोर हुआ है। बोलारम संघ में चातुर्मास नहीं हैं, इसलिए सभी संकल्प लेकर ग्रेटर हैदराबाद संघ के चातुर्मास में प्रवचन का लाभ लें।
यह भी पढ़ें… शब्दों में है बड़ी ताकत : साध्वी गवेषणाश्रीजी
चातुर्मास का लाभ, संतों की प्रेरणा और सेवा का उत्साह
म.सा. ने कहा कि उनका चातुर्मासिक मंगल प्रवेश कामारेड्डी संघ में 29 जून को होगा। 13-14 सितंबर को रात 8.30 से 9.30 तक सामायिक होगी। सभी इसका लाभ लेने का प्रयास करें। साध्वी जयश्रीजी म.सा. ने सिद्धार्थमुनिजी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बोलारम संघ में चतुर्विध संघ बना है। ऐसे बहुत ही कम अवसर होते हैं। चातुर्मास में सभी को धर्म की प्रभावना करनी है। सभी संघों ने शुभकामनाएँ दी हैं।
सभी को चातुर्मास का लाभ लेना है। काचीगुड़ा की धरती बहुत पुण्यवान है, जहाँ निरंतर संतों के चातुर्मास होते हैं। आज कार्यक्रम में संघ के तीन-तीन अध्यक्ष एक साथ हैं। म.सा. ने कहा कि संत आते और जाते हैं, तो अच्छे लगते हैं, लेकिन संत रुकते हैं, तो जीवन का सही मार्ग प्रशस्त करते हैं, जिनवाणी से ओत-प्रोत करते हैं। संत ही जीवन के निर्माण की राह दिखाते हैं। विहार के दौरान काचीगुड़ा मंडल के युवाओं ने ने बहुत ही उम्दा सेवा दी, सभी का आभार।
म.सा. ने कहा कि चातुर्मास में सभी को प्रवचन का लाभ लेकर खरा उतरना है। उत्साह एवं उमंग के साथ जिस प्रकार प्रवेश करवाया, वैसा ही उत्साह चातुर्मास तक बना रहे। बोलारम संघ धर्मनिष्ठ है। सभी का नगर प्रवेश में बहुत ही सहयोग रहा। 5 जुलाई को चातुर्मास मंगल प्रवेश में भी सभी को उत्साह के साथ जुड़ना है। चातुर्मास में सभी को क्वालिटी वाला माल मिलेगा, उसका पूरा लाभ लें। फ्री का माल सभी के जीवन को संवार देगा।सभी को इसके लिए पुरुषार्थ करना होगा। प्रवचन के एक घंटे का समय आपकी दशा और दिशा बदल देगा।
प्रवचन, चातुर्मास प्रेरणा और आत्मिक जागरण का संदेश
म.सा. ने कहा कि रविवार, 15 जून को तारनाका में जैन दिवाकर गुरु चौथमलजी म.सा. का जाप एवं प्रवचन होगा, सभी इसका लाभ लें। 5 जुलाई को चातुर्मास मंगल प्रवेश है। सभी संघ अधिक से अधिक संख्या में हिस्सा लें। राजश्रीजी म.सा. ने कहा कि नासिक से विहार कर मोतियों की नगरी में मंगल प्रवेश किया है। चातुर्मास में जो जितना गहरा गोता लगायेगा, वह उतने ही ज्ञान के रत्न प्राप्त करेगा। जीवन में जीतने के लिए जागना जरूरी है, क्योंकि जागेंगे तभी जीत के लिए प्रयास करेंगे।
चातुर्मास आप सभी को जगाने के लिए, जीवन में तप, त्याग, सामायिक, ज्ञान, दर्शन, चारित्र की अलख जगाने आया है। गुरु भगवंत नगर में नहीं, बल्कि हृदय में प्रवेश करने आये हैं। आत्मा का उद्धार करने के लिए जिनशासन की प्रभावना का लाभ लें। शांति के लिए क्रांति की मशाल जलायेंगे। जीवन में दुर्गुणों को दूर कर सद्गुणों को बढ़ायेंगे। म.सा. ने कहा कि फार्म भर कर अब धर्म के स्कूल में सिलेक्ट होना है।
संत गहरे समुद्र की तरह हैं। जो जितना गहरा जायेगा, वह उतना ही खरा मोती पायेगा। सच्ची श्रद्धा के साथ जीवात्माओं को सुनकर जीवन की दिशा को बदलना है। जिनवाणी में अपार शक्ति है, वह जीवन को खरा सोना बनाती है। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक ग्रेटर हैदराबाद संघ के संघपति स्वरूपचंद कोठारी ने सभी का स्वागत करते हुए कहा जयश्रीजी म.सा., राजश्रीजी म.सा. एवं समीक्षाश्रीजी म.सा. का चातुर्मास ग्रेटर हैदराबाद संघ में होने जा रहा है।
चातुर्मास सेवा, संतों का स्वागत और आगामी आयोजन
साध्वीवृंद नासिक से विहार कर कामारेड्डी पहुँची, जहाँ से संयम दिवस के साथ विहार कर बोलारम में नगर प्रवेश किया। इसमें बोलारम संघ ने सहयोग प्रदान किया। पूज्यश्री की विहार सेवा में युवा काफी जुड़े, जिनमें श्री वर्धमान युवा मंडल, ऋषभ मंडल ने सहयोग प्रदान किया। ग्रेटर हैदराबाद संघ सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते है। ग्रेटर हैदराबाद संघ के वरिष्ठ मार्गदर्शक प्रकाशचंद लोढ़ा ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि बोलारम संघ भाग्यशाली है, जो संतों के आगमन एवं चातुर्मास के बाद विहार के दौरान सेवा प्राप्त करता है। बोलारम संघ में महान साधु-संतों के चातुर्मास हुए हैं, यह धर्मनगरी है।
उन्होंने कहा कि पूज्य भगवंत सभी को अज्ञान के अंधेरे को दूर हटाकर ज्ञान के प्रकाश में ले जाएँगे। ज्ञान, दर्शन, चारित्र की आराधना, तप, त्याग से जीवन को निखारेंगे। श्री जैन श्रावक संघ कोरा के महामंत्री गौतमचन्द मुथा ने कहा कि ग्रेटर हैदराबाद संघ भाग्यशाली है, जिन्हें महान संतों का चातुर्मास प्राप्त हुआ है। ज्ञान, दर्शन, चारित्र के साथ चातुर्मास ऐतिहासिक बनेगा। आगामी 18 जून को मलकपेट में राजमतीजी म.सा. राजुल आदि ठाणा-3 का नगर प्रवेश होगा। कोरा संघ में भव्य चातुर्मास मंगल प्रवेश 4 जुलाई को होगा।
उन्होंने कहा कि श्री मरुधर केसरी जैन गुरु सेवा समिति त्रयनगर द्वारा मिश्रीमलजी म.सा. एवं रूपमुनिजी म.सा. की जन्म जयंती आगामी 3 अगस्त को भाग्यनगर गौ सेवा सदन गौशाला के सभागार में भव्यता से मनायी जाएगी। इसमें त्रयनगर मे चातुर्मासिक हेतु विराजित संघ साध्वी हिस्सा लेते हैं। गुरुदेव 3 अगस्त को सान्निध्य प्रदान करें। इस दिन काचीगुडा में प्रवचन न रखकर गुरुदेव जन्म जयंती कार्यक्रम में निश्रा प्रदान करें। उन्होंने कार्यक्रम में सकल संघों से भाग लेने का आग्रह किया।
चातुर्मास आयोजन में सकल संघ का योगदान और योजनाएँ
चंदनबाला महिला मंडल की मंत्री मंजू श्रीश्रीमाल ने कहा कि चातुर्मास को यशस्वी बनाने के लिए महिला मंडल व बहू मंडल पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। ग्रेटर हैदराबाद के महामंत्री पवन कटारिया ने कहा कि बोलारम संघ में पूज्यश्री के नगर प्रवेश एवं उपप्रवर्तक सिद्धार्थमुनिजी के सान्निध्य से चतुर्विध संघ पूर्ण हुआ। ग्रेटर हैदराबाद संघ ने साध्वीवृंदों का कामारेड्डी संघ के सहयोग से संयम दीक्षा दिवस उत्साह के साथ मनाया।
उन्होंने पूज्यश्री के विहार की जानकारी देते हुए कहा कि जयश्रीजी म.सा. आदि ठाणा मंगलवार, 10 जून तक बोलारम संघ में विराजेंगी। गुरुवार, 11 जून को लाल बाजार में, 14 जून को सिकंदराबाद संघ में, 15 जून को तारनाका में पधारेंगी। पूज्यश्री का भव्य चातुर्मास मंगल प्रवेश 5 जुलाई को तिलक नगर स्थित अन्नराज बाफना के निवास से काचीगुडा जैन स्थानक में होगा। उन्होंने सकल संघ से चातुर्मास में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया।
सिकंदराबाद संघ के अध्यक्ष गौतमचन्द गुगलिया ने कहा कि साधु-संतों के नगरत्रय में चातुर्मास प्रवेश के लिए बोलारम संघ दक्षिण द्वार है। बोलारम संघ में महान साधु-साध्वियों के चातुर्मास हुए। बोलारम संघ में अध्यक्ष अभय सुराणा की टीम ने सेवा प्रदान कर मगंल प्रवेश करवाया। उन्होंने पूज्यश्री से सिकंदराबाद संघ में प्रवचन का लाभ देने का आग्रह करते हुए कहा कि सिकंदराबाद संघ में आगामी 29 जून को सुमंगलाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा का भव्य चातुर्मासिक मंगल प्रवेश होगा। सकल संघ अधिक से अधिक संख्या में इसमें हिस्सा लें।
चातुर्मास मंगलकामना व संघ पदाधिकारियों का सम्मान
लालबाजार संघ के महामंत्री जितेन्द्र मखाना ने ग्रेटर हैदराबाद संघ को चातुर्मास के ऐतिहासिक एवं यशस्वी होने की शुभकामनाएँ देते हुए साध्वी वृंद से स्थानक में अधिक से अधिक दिन प्रवचन दर्शन का लाभ देने का आग्रह किया। श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक बोलारम के महामंत्री जितेंद्र सुराणा, ऑल इंडिया जैन कॉन्फ्रेंस के युवा महामंत्री नवनीत नाहर ने शुभकामनाएँ देते हुए आभार प्रकट किया।
चंदनबाला महिला मंडल की अध्यक्ष लता पितलिया ने मंगल गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार दीपेश सुराणा ने किया। कार्यक्रम के पश्चात गौतम प्रसादी के लाभार्थी सुगनचंद सुनील सुशील अभिषेक प्रियांश प्रतीक रिवान बागमार परिवार, बंसीलाल सुभाषचंद महेन्द्र, नवीन, सौरभ, शुभ सुराणा परिवार (बोलारम) का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ ग्रेटर हैदराबाद-काचीगुड़ा के संघपति स्वरूपचंद कोठारी, अध्यक्ष अन्नराज बाफना, कार्याध्यक्ष विनोद कीमती, महामंत्री पवन कटारिया, कोषाध्यक्ष धर्मीचंद भंडारी, चातुर्मास प्रधान संयोजक विजेश कोचेटा, पूर्व अध्यक्ष गौतमचन्द डंक, अशोक तातेड़, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ बोलारम के संघपति नरेन्द्र सुराणा, अध्यक्ष अभय सुराणा, महामंत्री जितेंद्र सुराणा, कोषाध्यक्ष सुशील बागमार, सिकंदराबाद संघ के संघपति संपतराज कोठारी, खैरताबाद संघ के अध्यक्ष नवरतनमल गुन्देचा, मोतीलाल भलगट, श्रीपाल देशलहरा, आनंद स्वरूप बोहरा, महावीर कोठारी, महेन्द्र पितलिया, विक्रम कीमती, दीपक कीमती, ग्रेटर हैदराबाद संघ के पदाधिकारी, सदस्य, बोलारम संघ के पदाधिकारी, महिला मंडल के सदस्य व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





