फर्जी दस्तावेज़ के साथ दो बांग्लादेशी गिरफ़्तार, जाली दस्ताव़ेज बनाने वाले भी अरेस्ट
हैदराबाद, सेंट्रल ज़ोन टास्क फोर्स पुलिस ने मलकपेट पुलिस के साथ मिलकर फर्ज़ी दस्तावेज़ों के जरिए हैदराबाद में रहने वाले दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ़्तार कर लिया। इन दोनों के लिए फर्ज़ी दस्तावेज़ तैयार करने में सहयोग करने वाले आरोपियों को भी हिरासत में ले लिया गया।
टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त वाईवीएस सुधींद्रा ने बताया कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर टास्क फोर्स पुलिस ने सलीमनगर, मलकपेट से बांग्लादेशी निवासी मो. हसीबुल (फर्जी नाम जोवन चौधरी) (25) और रोहन साहा (21) को गिरफ़्तार कर लिया। दोनों अवैध रूप से घुसपैठ के जरिए भारत पहुँचे थे। दोनों सलीमनगर कॉलोनी, मलकपेट में रहते हुए काम कर रहे।
यह भी पढ़ें… नामपल्ली में 1,217 ई-सिगरेट बरामद
फर्ज़ी दस्तावेज़ों से पहचान बदलकर विवाह
हसीबुल फूड डेलिवरी बॉय के रूप में और रोहन साहा मज़दूर के रूप में कार्यरत था। दोनों ने अन्य आरोपियों अकबर बाग, मलकपेट निवासी पान शॉप संचालक मो. मुखीद (39), चादरघाट निवासी डीटीपी ऑपरेटर टी. साई किरण (50), चंचलगुड़ा निवासी जी. रजनीकांत (46) और नारसिंगी निवासी व नारसिंगी म्युनिसिपालिटी में ठेकापद्धति पर कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत डी. सुधीर कुमार (27) के जरिए फर्जी जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड तैयार करवाया था।
दस्ताव़ेज तैयार करने में चारों आरोपियों ने उनका सहयोग दिया था, जिस कारण उन्हें हिरासत में ले लिया गया। आरोपियों के पास से फर्ज़ी दस्तावज़ों के अलावा हसीबुल का बांग्लादेशी पासपोर्ट, 7 सेलफोन और एक लैपटॉप ज़ब्त किया गया। उन्होंने बताया कि हसीबुल, ढाका (बांग्लादेश) का रहने वाला है और चार वर्ष पूर्व वह घुसपैठ के जरिए पश्चिम बंगाल के बोनगान ज़िला पहुँच गया था। पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने के लिए उसने घुसपैठियों को 25 हज़ार रुपये दिए और गधे पर सवार होकर सीमा पार कर गया।
कुछ दिन साउथ हावड़ा, कोलकाता में रहते हुए उसने कराटे ट्रेनर के रूप में कार्य किया, जिसके लिए उसे मासिक 20 हजार रुपये दिया जा रहा था। दिसंबर-2023 के दौरान फेसबुक पर चैटिंग करते हुए उसका परिचय मलकपेट निवासी जया चौधरी से हुआ और उसने अपनी पहचान छुपाते हुए जया चौधरी से विवाह कर लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



