हाइटेक्स में दो दिवसीय तेलंगाना ग्लोबल सोलर एक्सपो आरंभ
हैदराबाद, दो दिवसीय तेलंगाना ग्लोबल सोलर एक्सपो-2026 शुक्रवार से हाइटेक्स एक्जीबिशन सेंटर में आरंभ हुआ। स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा को प्रोत्साहन देने वाले इस एक्सपो का उद्घाटन तेलंगाना सरकार के ऊर्जा विभाग के विशेष मुख्य सचिव नवीन मित्तल तथा शेरीलिंगमपल्ली के विधायक अरेकापुड़ी गांधी द्वारा किया गया। अवसर पर सीईओ आनंद गुप्ता, जितेश चंद्रावट सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।











ईक्यू द्वारा आयोजित ग्लोबल सोलर एक्सपो के उद्घाटन सत्र के दौरान अतिथियों ने नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार, ग्रिड के आधुनिकीकरण और सौर निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के प्रति तेलंगाना की प्रतिबद्धता पर विशेष रूप से बल दिया। अवसर पर जानकारी देते हुए बताया गया कि ग्लोबल सोलर एक्सपो का उद्देश्य तेलंगाना तथा देशभर में सौर ऊर्जा को अपनाने में तेजी लाने पर बल देना है। इस कड़ी में यहां उच्च स्तरीय नीतिगत संवाद, व्यावसायिक नेटवर्किंग, प्रौद्योगिकी प्रदर्शन और उद्योग सहयोग से जुड़ी विविध गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
यह भी पढ़ें… मानू में फिल्म निर्माण पर दो दिवसीय कार्यशाला
कार्यक्रम में तेलंगाना ग्लोबल सोलर एक्सपो में देश की अग्रणी सौर कंपनियां, समाधान प्रदाता, नवप्रवर्तक और ऊर्जा विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में तेलंगाना की सौर नीति और विनियामक परिदृश्य, सी एंड आई ओपन एक्सेस मार्केट की वृद्धि, रूफटॉप सोलर और पीएम सूर्य घर मिशन, सौर ऊर्जा उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखला, निवेश और वित्तपोषण के अवसर तथा स्वच्छऊर्जा को अपनाने के लिए भविष्य का रोडमैप आदि विषयों को चर्चा का केंद्र बनाया जाएगा। साथ ही यहां उद्योग जगत के पेशेवरों, व्यवसायों और हितधारकों का भी स्वागत किया जाएगा, ताकि भारत के तेजी से बढ़ते सौर क्षेत्र में अवसरों और साझेदारियों का पता लगाया जा सके।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



