यूआईडीएआई ने लॉन्च किया नया आधार मोबाइल ऐप

नई दिल्ली, यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड और स्कैम से बचाने के लिए नया आधार मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। फेक वेबसाइट, फिशिंग कॉल और OTP फ्रॉड के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह ऐप तैयार किया गया है। इसका मकसद लोगों को अपनी आधार जानकारी पर ज्यादा नियंत्रण देना है।

यह नया ऐप पहचान सत्यापन (Identity Verification) की प्रक्रिया को आसान, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाता है। इसमें यूजर्स की सुविधा और उनकी सहमति को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया है।

क्या है नए ऐप की खासियत?

नया आधार ऐप एक आधुनिक (Next-Generation) मोबाइल एप्लिकेशन है। इसके जरिए आधार नंबर धारक अपनी डिजिटल पहचान सुरक्षित तरीके से दिखा सकते हैं, शेयर कर सकते हैं और सत्यापित कर सकते हैं।

यह ऐप “Privacy First” और “Consent-Based” सिस्टम पर काम करता है, यानी यूजर की अनुमति के बिना कोई जानकारी साझा नहीं होगी। यह ऐप डेटा मिनिमाइजेशन को बढ़ावा देगा। इसका मतलब है कि यूजर केवल उतनी ही जानकारी साझा करेगा, जितनी जरूरी हो। इससे सुरक्षा और गोपनीयता दोनों मजबूत होंगी।

रोजमर्रा के कामों में कैसे होगा उपयोग?

यह ऐप कई दैनिक जरूरतों में काम आएगा, जैसे:

  • होटल में QR कोड से ऑफलाइन वेरिफिकेशन
  • सिनेमा टिकट के लिए आयु सत्यापन
  • अस्पतालों में विजिटर्स की पहचान जांच
  • गिग वर्कर्स और सर्विस पार्टनर्स की पहचान सत्यापन
  • जरूरत पड़ने पर फेस वेरिफिकेशन

हाईटेक फीचर्स क्या हैं?

नए ऐप में कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं:

  • एक क्लिक में बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक
  • ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री देखना
  • QR आधारित कॉन्टैक्ट कार्ड से डिटेल्स शेयर करना
  • एक मोबाइल में पांच आधार प्रोफाइल मैनेज करना

इससे “One Family-One App” की सुविधा मिलेगी।

UIDAI के चेयरमैन नीलकंठ मिश्रा ने कहा कि कागज से पेपरलेस सिस्टम की ओर बढ़ना बड़ा कदम है। वहीं, UIDAI के सीईओ भुवनेश कुमार ने बताया कि ऐप की सबसे बड़ी खासियत “Selective Credential Sharing” है। यानी यूजर केवल जरूरी जानकारी ही साझा करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि आधार नंबर स्टोर नहीं होगा। केवल डिजिटल रूप से साइन की गई जानकारी शेयर होगी, जो डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन (DPDP) एक्ट के अनुसार सुरक्षित है।

ऐप कैसे डाउनलोड करें और इस्तेमाल करें?

यूजर Google Play Store या Apple App Store से यह ऐप डाउनलोड कर सकते हैं।

लॉग इन करने के लिए:

  • आधार नंबर डालें
  • रजिस्टर्ड मोबाइल पर आए OTP से वेरिफाई करें

ऐप फेस ऑथेंटिकेशन, फिंगरप्रिंट लॉगिन और सिक्योर PIN की सुविधा भी देता है। लॉग इन के बाद यूजर नाम, फोटो और एड्रेस जैसी आधार डिटेल्स बिना बार-बार जानकारी डाले देख सकते हैं। ऐप डिवाइस में जानकारी सुरक्षित रखता है, जिससे बार-बार वेरिफिकेशन की जरूरत कम हो जाती है।

सुरक्षा फीचर्स

इस ऐप का सबसे अहम फीचर है बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक। अगर किसी को लगता है कि उसके आधार डेटा का गलत इस्तेमाल हो सकता है, तो वह तुरंत अपने फिंगरप्रिंट और आइरिस डेटा को लॉक कर सकता है। इससे कोई भी बिना अनुमति बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन नहीं कर पाएगा। नए आधार ऐप के साथ भारत ने फिर दिखाया है कि उसका डिजिटल सिस्टम नागरिक-केंद्रित, सुरक्षित और भरोसेमंद है।(भाषा) 

यह भी पढ़ेतैयार है मेट्रो की नामपल्ली मल्टीलेवल पार्किंग सुविधा

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button