तेजस्वी सूर्या के बयान पर माफी माँगी केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने
हैदराबाद, संयुक्त आंध्र प्रदेश से तेलंगाना के विभाजन को लेकर लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद तेजस्वी सूर्या के बयान से उठे विवाद पर केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्री शोभा करंदलाजे ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि सांसद की मंशा किसी का दिल दुःखाने की नहीं थी, फ्लो में कह दिया होगा। फिर भी आंध्र प्रदेश व तेलंगाना की जनता को दुःख हुआ है, तो उसके लिए वे माफी मांगती हैं।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव के साथ मिलकर मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने संसद में भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या के दिए बयान पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में कहा कि भाजपा सांसद की मंशा नहीं थी लेकिन फ्लो में अनायास ही कह दिया था जो ठीक नहीं है। इसके लिए वे माफी मांगती हैं।
रेवंत रेड्डी पर झूठे वादों से जनता को धोखा देने का आरोप
केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्री शोभा करंदलाजे ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को पिकपॉकेटर ऑफ दि तेलंगाना पीपुल बताया और कहा कि गारंटी दो और वोट लेने के बाद धोखा दो, यह नीति अपनाकर चुनाव से पहले झूठे वादे करके तेलंगाना की जनता के साथ चीटिंग करने वाले मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर आखिरकार कौन सा केस दर्ज किया जाना चाहिए?
मंत्री ने कहा कि कल्याण लक्ष्मी योजना के तहत 1 लाख 116 रुपये के साथ ही शादी के समय ही 10 ग्राम (1 तोला) सोना देने के वादे सहित महिलाओं को 2,500 रुपये, 18 वर्ष आयुवर्ग की बालिकाओं को स्कूटी देने, बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने समेत कई वादे किए गए, परंतु ढाई साल बीतने पर भी अब तक पूरे नहीं किए गए।
यह तेलंगाना की जनता के साथ सरासर धोखा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आरटीसी बसों में फ्री यात्रा सुविधा देने का वादा तेलंगाना ही नहीं, कर्नाटक में भी किया गया, परंतु 20 प्रतिशत बसें ही संचालित की जा रही हैं। 80 प्रतिशत बसें बंद कर दी गई हैं।
राहुल गांधी को ट्रेनिंग दें वरिष्ठ नेता
केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का बर्ताव पूरा गैर जिम्मेदाराना रहा है। विपक्षी नेता को सदन में क्या बोलना चाहिए, क्या नहीं, उन्हें कुछ भी पता नहीं है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के बावजूद राहुल गांधी में कोई गंभीरता ही नहीं है। जो मुंह में आया बोल दिया, न कोई आंकड़े, न ही कोई तर्क है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को लोकसभा में क्या और कैसे बोलना है, इस पर प्रशिक्षण दें तो ठीक होगा।
यह भी पढ़ें… महिला आरक्षण की राह में रेवंत ने रोड़े अटकाए : बंडी संजय
70 करोड़ महिलाओं को हराया विपक्ष ने
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की महिलाओं का सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक रूप से उत्थान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मोदी पिछले 10 सालों से काम कर रहे हैं। 2029 के चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिले, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा थी। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि कांग्रेस नीत इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (आईएनडीआईए) ने महिला बिल गिराकर जो उत्सव मनाया, मेजें थपथपाईं और जिस प्रकार हंसते गए, वह इसलिए कि इनका लक्ष्य एंटी नेशनल था।
देश को उत्तर व दक्षिण में बांटना था। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण बिल को जिस प्रकार गिराया गया, वह महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल देश के इतिहास में काला दिवस के रूप में जाना जाएगा क्योंकि विपक्ष ने मोदी सरकार को नहीं हराया है, देश की 70 करोड़ महिलाओं को हराया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, सांसद सोनिया गांधी व सांसद प्रियंका गांधी का नाम लेते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए महिला का मतलब केवल एक परिवार है।
मुस्लिम आरक्षण मांग पर सपा पर साधा निशाना
महिला आरक्षण बिल को लटकाने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद अखिलेश यादव ने मुसलमानों के लिए आरक्षण पूछा, जबकि डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर ने संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का उल्लेख कहीं भी नहीं किया है। उन्होंने कहा कि भाई, दामाद, पत्नी एमपी बनें, दूसरी कोई महिला लोकसभा में न आए, इनकी यही मंशा है। उन्होंने कहा कि अधिकतर परिवारवादी पार्टियां महिला आरक्षण के खिलाफ रहीं।
मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु और कर्नाटक में भी परिवारवादी पार्टियां हैं जो केवल अपने परिवार की चिंता करती हैं। उन्होंने कहा कि काले कपड़े पहनकर, काले झंडे फहराकर महिला बिल व डिलिमिटेशन बिल का विरोध किया जा रहा है। आखिरकार कब तक काले कपड़े पहनेंगे और पहनवाएंगे, बस चुनाव तक ही यह नाटक चलेगा। उसके बाद महिलाओं को जवाब देना ही पड़ेगा।
अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी. के. अरुणा, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व पूर्व महापौर बंडा कार्तिका रेड्डी, प्रदेश भाजपा सचिव बंडारू विजयलक्ष्मी, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष डॉ. शिल्पा रेड्डी, मीडिया पैनलिस्ट डॉ. प्रभा गौड़ व अन्य की उपस्थिति रही।
तेलंगानावासियों की जेब काटी है रेवंत ने : शोभा करंदलाजे
केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना की जनता की जेब काटी है। वे पिकपॉकेटर ऑफ दि तेलंगाना पीपुल बन चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा कड़े शब्दों का प्रयोग किए जाने संबंधी पूछे गए प्रश्न पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता को दी गारंटियां पूरी नहीं करने के कारण मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी माइनस में चल रहे हैं इसलिए पार्टी हाईकमान व राहुल गांधी को खुश करने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति कड़े शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी एक पार्टी के नहीं होते हैं। वे देश के प्रधानमंत्री हैं। उन्हें इज्जत देनी चाहिए, परंतु रेवंत में संस्कार नहीं है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का नाम लिया और कहा कि भाजपा ने कांग्रेस की आलोचनाओं के बावजूद कभी भी तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग नहीं किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






