अमेरिका-ईरान वार्ता विफल, बाजार में भारी गिरावट
मुंबई, घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका-ईरान वार्ता की विफलता ने लंबे समय तक चलने वाले संघर्ष की आशंकाओं को बढ़ा दिया जिससे कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से वृद्धि हुई।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 1,613.09 अंक टूटकर 75,937.16 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 495 अंक फिसलकर 23,555.60 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर गिरावट में रहें। टाइटन, सन फार्मा, एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, पावर ग्रिड और भारती एयरटेल के शेयर सबसे अधिक टूटे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 7.33 प्रतिशत की बढ़त के साथ 102.2 डॉलर प्रति बैरल रहा।
यह भी पढ़े : रुपया शुरुआती कारोबार में 49 पैसे टूटकर 93.32 प्रति डॉलर पर बंद हुआ
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 672.09 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स शुक्रवार को 1.20 प्रतिशत और निफ्टी 1.16 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ था। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



