4 मई को ‘एक इंच भी न हटें’ : विजय का आदेश
चेन्नई, टीवीके प्रत्याशी एन मैरी विल्सन ने कहा है कि उनकी पार्टी के प्रमुख विजय ने बृहस्पतिवार को यहां एक बैठक के दौरान उम्मीदवारों को निर्देश दिया कि वे मतगणना शुरू होने से पहले सुबह-सुबह मतगणना केंद्रों पर पहुंच जायें और वहां से ‘एक इंच भी न हिलें।’
आर के नगर के टीवीके प्रत्याशी विल्सन ने मीडिया से कहा, ‘‘विजय ने हमें (टीवीके उम्मीदवारों को) सुबह छह बजे तक मतगणना केंद्रों पर पहुंच जाने को कहा है। उन्होंने हमें आगे रहकर एक इंच भी हिले बिना कार्यवाही पर कड़ी नजर रखने की सलाह दी है।’’ तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को चुनाव हुए थे। वोटों की गिनती चार मई को होगी। टीवीके उम्मीदवारों ने अपने चुनाव प्रचार के अनुभवों के साथ-साथ चार मई की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए यहां विजय के साथ बैठक की।
हालिया एग्जिट पोल के बारे में पूछे जाने पर विल्सन ने स्पष्ट किया कि विजय के साथ हुई उनकी बैठक में एग्जिट पोल पर कोई चर्चा नहीं हुई। एग्जिट पोल में द्रमुक को बढ़त मिलती दिख रही है। विल्सन ने कहा कि वह जमीनी हकीकत पर भरोसा करना पसंद करेंगे और लगभग 30 दिनों तक जनता से सीधे बातचीत करने और यात्रा करने के बाद, उन्हें पूरा विश्वास है कि परिणाम उनके पक्ष में ही आएंगे क्योंकि मतदाताओं ने पहले ही अपना फैसला कर लिया है। उन्होंने अन्नाद्रमुक के साथ संभावित गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों को भी खारिज कर दिया। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



