हैं तैयार हम, युद्ध की स्थिति के मद्देनजर किये गये मॉक ड्रिल
हैदराबाद, केंद्र सरकार के आदेश के चलते हैदराबाद में आज चार क्षेत्रों में मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के आयोजन का मुख्य उद्देश्य युद्ध की स्थिति उत्पन्न होने पर आम जनता को किस प्रकार से व्यवहार किया जाए, इसके प्रति जागरूकता लाना है। मॉक ड्रिल का आयोजन मुख्य रूप से सिकंदराबाद के छावनी क्षेत्र, गोलकोंडा के छावनी क्षेत्र, कंचनबाग और ईसीआईएल एनएफसी के पास किया गया।
मॉक ड्रिल के तहत सेना के सतर्कता संबंधी सायरन बजते ही इन सभी क्षेत्रों में तैनात पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, चिकित्सा, राजस्व और अन्य संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी व कर्मचारी सतर्क हो गए। सायरन बजते ही सड़क पर चलने वाले लोग सुरक्षा के तहत आस-पास के शॉपिंग मॉल, भवनों के सेल्लार आदि क्षेत्रों में चले गए। काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन में भी मॉकड्रिल किया गया।
यह भी पढ़ें… पहलगाम हमले पर माकूल जवाब देना चाहिए भारत को : ओवैसी
मॉक ड्रिल में आपातकालीन स्थिति में सतर्कता और सुरक्षा अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन स्थिति में मिसाइल हमला होने पर घायलों को किस प्रकार से सुरक्षित ले जाया जाए और आम जनता को किस प्रकार से सतर्क कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए, इसका अभ्यास किया गया। नगर पुलिस आयुक्त सी.वी. आनंद ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि लगभग 50 वर्ष बाद देश में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न हुई है और 50 वर्ष बाद सतर्कता को लेकर सायरन बजाया गया।
उन्होंने आम जनता से सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी समाचार से भयभीत न होने की अपील की। उन्होंने बताया कि आज शाम ठीक 4 बजे सायरन बजाकर मॉक ड्रिल का संचालन किया गया और पुलिस समेत अन्य सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर सतर्कता बरतते हुए आम जनता को जागरूक किया गया। इस मॉक ड्रिल में पुलिस के अलावा दमकल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, राजस्व, जीएचएमसी, नागरिक प्रशासन, बिजली विभाग, परिवहन आदि ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि युद्ध की स्थिति में किस प्रकार से सतर्कता बरती जाए, मिसाइल हमला होने पर किस प्रकार आम जनता को सुरक्षित स्थानों पर ले जाए, आग लगने पर इसे किस प्रकार काबू में किया जाए, घायलों को बचाकर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुँचाया जाए आदि का अभ्यास किया गया। उन्होंने फर्जी समाचारों और अफवाहों पर ध्यान न देते हुए इस संबंध में सहायता प्राप्त करने के लिए डायल फ्री नं. 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



