हमने खुद पर से भरोसा नहीं खोया था : ग्रीन
नयी दिल्ली, हरफनमौला कैमरन ग्रीन ने कहा कि आईपीएल के इस सत्र में कठिन शुरूआत के बावजूद कोलकाता नाइट राइडर्स ने विश्वास नहीं खोया था और सही संतुलन तथा संयोजन से अब सफलता मिल रही है । आईपीएल 2026 में अंकतालिका में नीचे की टीमों में शुमार केकेआर ने लगातार चार जीत के साथ प्लेआफ की उम्मीदें बरकरार रखी है ।
गत चैम्पियन टीम ने शुक्रवार को दिल्ली कैपिटल्स को आठ विकेट से हराया। ग्रीन ने कहा ,‘‘ मुझे नहीं लगता कि खुद पर भरोसा कभी खोया था ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ पूरे टूर्नामेंट में टीम में बहुत अच्छा कल्चर रहा है । एक भी मैच जीतने से पहले ही जिस तरह से हर कोई इतना उत्साहित रहा है, उसे देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि हम हर मैच हार गए हैं।’’
फिन एलन के शतक से केकेआर की शानदार जीत
केकेआर ने दिल्ली को आठ विकेट पर 142 रन पर रोकने के बाद 14 . 2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया । फिन एलेन ने 47 गेंद में नाबाद 100 रन बनाये । ग्रीन ने कहा ,‘‘हमने वापसी के लिये काफी मेहनत की और हमारे गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है । यह बहुत अच्छा मैच था ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ हमने सही संयोजन और संतुलन हासिल कर लिया । इसके लिये कुछ मैचों का इंतजार करना पड़ा लेकिन अब प्रदर्शन सही राह पर है ।’’
यह भी पढ़े : सही शॉट चयन का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं सूर्यांश शेडगे
आस्ट्रेलियाई हरफनमौला ग्रीन पर सत्र की शुरूआत में दबाव था क्योंकि क्रिकेट आस्ट्रेलिया से उन्हें गेंदबाजी के लिये हरी झंडी नहीं मिली थी । उन्होंने कहा ,‘‘ सहयोगी स्टाफ ने मुझ पर किसी तरह का दबाव नहीं डाला । उन्होंने कभी महसूस नहीं होने दिया कि कोई अतिरिक्त दबाव है । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों पर हमेशा दबाव रहता ही है लिहाजा हर समय अच्छा प्रदर्शन करना होता है क्योंकि टीम से बाहर बैठे खिलाड़ी भी खेलने को बेताब हैं । मुझे कोई दबाव महसूस नहीं हुआ ।’’ (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



