अल्पसंख्यकों के लिए संयुक्त जिला केंद्रों में बनेंगे विशेष डिग्री कॉलेज : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अल्पसंख्यक विद्यार्थियों के लिए संयुक्त जिला केंद्रों में विशेष डिग्री कॉलेज स्थापित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि इन कॉलेजों में कौशल विकास तथा एआई प्रशिक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक पाठ्यक्रमों के बजाय आजीविका के लिए उपयोगी प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।
सीएम ने सचिवालय में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली बीसी, एससी, एसटी विद्यार्थियों की तरह अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। उन्होंने इसके लिए विशेष कार्यक्रम तैयार करने का सुझाव दिया। सीएम ने निर्देश दिया कि ग्रुप-1, 2, 3 में चयनित अल्पसंख्यक अभ्यर्थियों में से इच्छुकों को चुनकर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में जिम्मेदारियां सौंपी जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि इमामों और मौजमों को दिए जाने वाले मानद वेतन नियमित रूप से जारी किए जाएँ।
मूसी रिवर फ्रंट पर बनेंगे सभी धर्मस्थल
साथ ही सुझाव दिया कि अल्पसंख्यक स्कूलों में शिक्षण में एआई को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि जहाँ भूमि उपलब्ध हो, वहाँ कब्रिस्तानों के लिए जमीन आवंटित की जाएगी। उन्होंने बताया कि डीजल और पेट्रोल ऑटो को इलेक्ट्रिक इंजनों के साथ रेट्रोफिटिंग कर ऑटो चालकों के ईंधन खर्च को समाप्त कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से एक योजना तैयार की जा रही है। सीएम ने बताया कि मूसी रिवर फ्रंट के हिस्से के रूप में मंदिर के साथ मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों का निर्माण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें… राशन दुकानों के माध्यम से रियायती दरों पर होगा ज्वार और मक्के का वितरण
सीएम ने कहा कि इन संरचनाओं का निर्माण इस प्रकार किया जाएगा कि वह संबंधित धर्मों की संस्कृतियों और भारत की विशिष्टता को प्रतिबिंबित कर तेलंगाना की गंगा-जमुनी तहज़ीब को प्रदर्शित करें। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में इन संरचनाओं के निर्माण हेतु कदम उठाने के आदेश दिए। बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री अजहरुद्दीन, राज्य सरकार के सलाहकार शब्बीर अली व संबंधित उच्च अधिकारियों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



