सात जनवरी से अरावली सत्याग्रह यात्रा शुरू करेगी यूथ कांग्रेस
नई दिल्ली यूथ कांग्रेस सात जनवरी से अरावली सत्याग्रह यात्रा शुरू करेगी। अरावली पर्वतमाला को पुन:परिभाषित करने के प्रस्ताव को वापस लेने तथा खनन को पूरी तरह से प्रतिबंधित करने की मांगों को लेकर यह यात्रा सात जनवरी को गुजरात से शुरू होगी। राजस्थान और हरियाणा होते हुए यह यात्रा 20 जनवरी को दिल्ली में समाप्त होगी।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि असलियत यह है कि सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को प्रस्ताव भेजा था कि 100 मीटर से कम ऊंचाई वाले पहाड़ को अरावली पर्वतमाला का हिस्सा नहीं माना जाना चाहिए। पहले अरावली में खनन की निगरानी के लिए सुप्रीम कोर्ट की समिति थी, लेकिन मोदी सरकार ने इसे भंग कर दिया।
उदय भानु चिब ने बताया कि हम अरावली को बचाने के लिए ‘अरावली सत्याग्रह’ यात्रा निकालने जा रहे हैं, जो सात जनवरी से 20 जनवरी तक चलेगी। अरावली क्षेत्र में 100 मीटर की ऊंचाई वाला पैंतरा खत्म किया जाए, अरावली क्षेत्र संवेदशील पारिस्थितिक क्षेत्र घोषित हो, सुप्रीम के आदेश की समीक्षा हो, सरकार अपना प्रस्ताव वापस ले और अरावली क्षेत्र में खनन को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाए। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



