हैदराबाद : हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

हैदराबाद, नगर के सीमांत क्षेत्र शमशाबाद थाना परिधि के अंतर्गत आउटर रिंग रोड एग्जिट-16 के पास आज दोपहर भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जिसमें तीन बच्चे शामिल हैं। तेज रफ्तार मारुति वैगनर कार एग्जिट-16 के पास सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकरा गई। इस हादसे में पूरी वैगनर कार लॉरी के नीचे पिचक गई। इस कारण कार में सवार 7 लोग बुरी तरह से कार में फँस गए, जिनमें से 6 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल महिला को अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
प्राथमिक जाँच के अनुसार, हादसे का कारण त़ेज रफ़्तार बताया जा रहा है और जो कार (टीएस 23एफ 2298) हादसे का शिकार हुई, उस पर ओवर स्पीड के दो चालान लम्बित हैं। शमशाबाद पुलिस के अनुसार, सरदार नगर, राजन्ना सिरसिल्ला निवासी बोल्ली शिव कुमार (37) अपनी पत्नी बोल्ली लास्या, पुत्री बोल्ली ऋषिता और अपने रिश्तेदार कोडेम श्रीनिवास (40), उसकी पत्नी कोडेम श्वेता (35) और उनके दो बच्चे कृष्णा चंद्रा और कोडम माधव के साथ आज सुबह मारुति वैगनर कार में यादाद्रिगुट्टा दर्शन के लिए गए हुए थे।
यह भी पढ़ें… बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना ही सरकार का लक्ष्य : भट्टी विक्रमार्का
दर्शन के बाद लौटते समय हादसे का शिकार परिवार
यादाद्रिगुट्टा में दर्शन के बाद शिव कुमार अपने परिवार के साथ बीबी नगर स्थित स्वर्णगिरी मंदिर के दर्शन किए और इसके बाद वहीं पर होटल में लंच करने के बाद वे वाया तुक्कुगुड़ा शमशाबाद आउटर रिंग रोड से सिरसिल्ला जा रहे थे। संभावना जताई जा रही है कि तेज धूप और गर्मी के कारण कार चला रहे बोल्ली शिव कुमार को नींद का झटका लग गया और इस कारण तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकरा गई।
इस हादसे में शिव कुमार, लास्या, ऋषिता, श्रीनिवास, कृष्णाचंद्रा और माधव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि श्रीनिवास की पत्नी श्वेता गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के समय कार की रफ्तार 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। इस ओवर स्पीड से कार के लॉरी के पिछले हिस्से से टकराने के कारण कार पूरी तरह से लॉरी के नीचे दब गई। कार में फँसे शवों को निकालने के लिए पुलिस को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घायल श्वेता को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। इस हादसे पर भारास के पूर्व मंत्री व कार्यवाहक अध्यक्ष के. तारक रामाराव ने गहरा शोक जताया। सिरसिल्ला के भारास नेता बोल्ली राजमोहन के भाई का परिवार इस हादसे का शिकार हुआ। उन्होंने सिरसिल्ला के पुलिस अधीक्षक और शमशाबाद पुलिस उपायुक्त से बात की और शवों को सिरसिल्ला पहुँचाने में सहयोग देने का आग्रह किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



