कबाड़ गोदाम में लगी आग में 4 जिंदा जले
कोटपूतली, राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक भीषण अग्निकांड ने हड़कंप मचा दिया। मोहलाड़िया गाँव स्थित बिछपुरी रोड पर एक कबाड़ गोदाम में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिनमें एक सात वर्षीय बच्ची और तीन मजदूर शामिल हैं। देर रात तक शवों को नीमराना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, गोदाम में बड़ी मात्रा में पुराने परफ्यूम की बोतलें और अन्य ज्वलनशील कबाड़ रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई। इसी परिसर में एक प्लास्टिक ग्रेन्यूल फैक्ट्री भी संचालित होती है, जहां तक आग की लपटें पहुंच गईं। आग के दौरान फैक्ट्री में धमाकों की आवाजें भी सुनी गईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
हादसे के समय मजदूरों के बच्चे भी गोदाम परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान आग भड़कने से भगदड़ मच गई और सात वर्षीय एक बच्ची इसकी चपेट में आ गई, जिसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही मजदूर जान बचाने के लिए मुख्य गेट की ओर भागे, लेकिन वहां एक ट्रक फंसा हुआ था, जिसने रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
आग में फंसे मजदूर, सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल
मजदूरों ने दूसरी ओर फैक्ट्री की दीवार चढ़कर निकलने की कोशिश की, लेकिन ऊंचाई के कारण वे सफल नहीं हो सके और आग की चपेट में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एफएसएल की टीमों के साथ जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया। कलेक्टर अर्पणा गुप्ता, एसपी सतवीर सिंह, एएसपी सुरेश खींची और अन्य अधिकारी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे।
नीमराना, जापानी जोन और घीलोठ फायर स्टेशन की करीब 6 दमकलों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रशासन के अनुसार, शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में डीएनए सैंपल लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के समय गोदाम में कुल कितने मजदूर मौजूद थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम और फैक्ट्री में पर्याप्त अग्निशमन उपकरण नहीं थे। इसी वजह से आग तेजी से फैलती चली गई और समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





