अग्रवाल शिक्षा समिति में 77वां गणतंत्र दिवस रंगारंग कार्यक्रमों के साथ
हैदराबाद, अग्रवाल शिक्षा समिति में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच आयोजित किया गया। यहाँ समिति के प्रांगण में आयोजित समारोह में अध्यक्ष प्रमोद कुमार केड़िया ने ध्वजारोहण किया। अवसर पर एनसीसी कैडेट्स समिति द्वारा संचालित अग्रवाल हाई स्कूल (हिन्दी मीडियम) एवं जी.के.पी.एस, एल.बी.एम.टी के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट द्वारा अनुशासन एवं सहभागिता का प्रदर्शन किया। राधे कृष्ण वूमेन्स कॉलेज की हेड गर्ल अमतुल फातिमा व एस.डी. सिग्नोडिया कॉलेज के हेड बॉय रंजन वर्मा ने अध्यक्ष प्रमोद कुमार केड़िया जी को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में प्रमोद केडिया ने कहा कि आज का दिन सभी देशवासियों के लिए ऐतिहासिक है। आज के समारोह के लिए भारत सरकार द्वारा दो थीम निर्धारित की गयीं- वंदे मातरम् के 150 वर्ष तथा समृद्धि का मंत्र – आत्मनिर्भर भारत। हम सभी देशवासी अपनी संप्रभुता, स्वतंत्रता व संपन्न गणराज्य का उत्सव मना रहे हैं एवं भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों एवं कर्तव्यों का निर्वाह भी कर रहे हैं। आज ही के दिन 76 वर्ष पूर्व एक नवोदित स्वतंत्र राष्ट्र के संविधान का निर्माण हुआ और भारत का संविधान विश्व में आदर्श संविधान माना गया।
एन.सी.सी. कैडेट्स का अनुशासन और कौशल प्रदर्शन सराहनीय
गणतंत्र दिवस पर हम अपने असंख्य स्वतंत्रता वीरों एवं संविधान निर्माताओं का आभार प्रदर्शन कर यह दोहराते हैं कि हम सदैव उनके ऋणी रहेंगे। अध्यक्ष प्रमोद कुमार केड़िया ने कहा कि हम 77वाँ गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि अग्रवाल शिक्षा समिति शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। गणतंत्र दिवस एक राष्ट्रीय त्यौहार है। हमें अनुशासन और उद्देश्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने संविधान की विभिन्न धाराओं का उल्लेख करते हुए जनता द्वारा बनाये गये और जनता के लिए उपयोगी संविधान की महत्ता बताई।
अवसर पर उपस्थित श्रोताओं को संबोधित करते हुए मानद मंत्री सी.ए. नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल शिक्षा समिति की सभी संस्थाओं के अनुभवी शिक्षकों के ज्ञान से विद्यार्थी लाभान्वित होकर प्रगति के पथ पर बढ़ रहे हैं। एन.सी.सी. कैडेट्स का प्रदर्शन सराहनीय है। इसी प्रकार अधिक से अधिक विद्यार्थी एन.सी.सी. में भाग लें तथा अपने कौशल से देश की रक्षा में योगदान दें, जो भविष्य निर्माण में लाभदायक होगा। एस.डी. सिग्नोडिया कॉलेज के करेस्पॉन्डेंट मुकंदलाल अग्रवाल ने 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थी की प्रतिभा को परख कर उत्साहित करते हुए प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर प्रदान करें, जिससे समिति का नाम रोशन हो।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद को हर दृष्टि से विकसित करने की पहल : राज्यपाल
छात्राओं ने आत्म सुरक्षा तकनीक का प्रभावशाली प्रदर्शन किया
अवसर पर एल.बी.एम.टी. स्कूल के समन्वयक प्रदीप कुमार ने अपने संदेश में कहा कि आज गणतंत्र दिवस पर हमें यह प्रण लेना चाहिए कि जिम्मेदार नागरिक बनकर देश की सेवा करेंगे। समारोह में एन.सी.सी. कैडेट्स के लिए रैंक सेरेमनी (अलंकरण समारोह) का आयोजन हुआ जिसमें विभिन्न स्तरों के कैडेट्स को उनके रैंक प्रदान किए गये। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सामूहिक ड्रिल का प्रदर्शन किया। आर.के.डब्ल्यू कॉलेज एवं डी.बी. गर्ल्स जूनियर कॉलेज की छात्राओं ने आत्म सुरक्षा तकनीक का प्रदर्शन किया।
समारोह में अध्यक्ष प्रमोद कुमार केडिया, समिति के मानद मंत्री एवं कार्यक्रम के चेयरमैन सीए. नवीन कुमार अग्रवाल, संयुक्त मंत्री एवं जी.के.पी.एस. स्कूल के करेस्पॉन्डेंट राजेश कुमार अग्रवाल, एस.डी. सिग्नोडिया कॉलेज पी.जी के करेस्पॉन्डेंट मुकंदलाल अग्रवाल, एल.बी.एम.टी. स्कूल के समन्वयक प्रदीप कुमार, बी.बी.एम.एस. के करेस्पॉन्डेंट व कार्यक्रम के निर्देशक शेष कुमार गोयल, कार्यक्रम संयोजक अकादमिक निर्देशिका डॉ. सरोज जैन, संयुक्त निर्देशक डॉ. राजेश अग्रवाल, सी.ए.ओ. आराधना मोदानी, उमेश कुमार उपस्थित रहे।
समन्वयक गोवर्धन दास, विनोद कुमार, राजेश वंगानी, स्टैंडली एवं सुभाष सिंह के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अवसर पर सभी संस्थाओं के प्रधानगण, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एम.बी.ए. की निर्देशिका डॉ. पल्लवी रंगनाथन ने किया। एल.बी.एम.टी. स्कूल की शिक्षिका प्रीति अनुप्रीता ने आभार प्रदर्शन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



