दोस्त के पहले चरण हेतु पंजीकरण प्रक्रिया आरंभ


हैदराबाद, तेलंगाना के डिग्री शिक्षण संस्थानों में विविध स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने हेतु डिग्री ऑनलाइन सर्विस तेलंगाना (दोस्त 2026-27) के तहत प्रथम चरण की पंजीकरण प्रक्रिया आरंभ हो गई है, जो 7 मई तक जारी रहेगी। उल्लेखनीय है कि राज्य के विश्वविद्यालयों से संबद्ध डिग्री कॉलेजों में विविध स्नातक पाठयक्रमों जैसे बीए, बीएससी, बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स, बीएसडब्ल्यू, बीबीए, बीबीएम तथा बीसीए आदि में प्रवेश लेने हेतु ऑनलाइन पोर्टल टीएस-दोस्त पर पंजीकरण करना अनिवार्य है।
इस कड़ी में दोस्त 2026-27 के तहत पंजीकरण प्रक्रिया का प्रथम चरण शुरू हो गया है, जो 7 मई तक जारी रहेगा। प्रथम चरण के लिए वेब विकल्प प्रक्रिया 30 अप्रैल से 8 मई तक संचालित की जाएगी। इस चरण के तहत छात्र दो सौ रुपए शुल्क के साथ अपना ऑनलाइन पंजीकरण निर्धारित तिथि तक कर सकते हैं। प्रथम चरण की सीटों का आवंटन 14 मई को किया जाएगा। सीट हासिल करने वाले छात्रों को 15 से 23 मई के मध्य ऑनलाइन सेल्फ रिपोर्टिंग करनी होगी।
तीसरे चरण का पंजीकरण 31 मई से 15 जून तक
दूसरे चरण हेतु चार सौ रुपए शुल्क के साथ पंजीकरण प्रक्रिया का संचालन 15 से 25 मई तक किया जाएगा। वेब विकल्प प्रक्रिया 15 से 26 मई तक संचालित की जाएगी। इस चरण की सीटों का आवंटन 30 मई को किया जाएगा। सीट हासिल करने वाले छात्रों को 31 मई से 5 जून के मध्य ऑनलाइन सेल्फ रिपोर्टिंग करनी होगी। इसके बाद चार सौ रुपए शुल्क के साथ तीसरे चरण की पंजीकरण प्रक्रिया 31 मई से 15 जून के मध्य संचालित होगी।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना सामाजिक आर्थिक सर्वे का डेटा सार्वजनिक
सीटों का आवंटन 20 जून को होगा। सीटों को प्राप्त करने वाले छात्रों को संबंधित शिक्षण संस्थानों में 20 से 25 जून के बीच ऑनलाइन सेल्फ रिपोर्टिंग अनिवार्य होगी। कक्षाओं का संचालन (प्रथम सेमेस्टर) 1 जुलाई से आरंभ होगा। इस संदर्भ में विस्तृत जानकारी dost.cgg.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



