बयान वापस लें भाजपा सांसद : पोन्नम प्रभाकर

हैदराबाद, बीसी कल्याण मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने तेलंगाना गठन पर विवादास्पद टिप्पणियाँ करने वाले भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या से तुरंत शब्द वापस लेने और राज्य के लोगों से क्षमा याचना करने की माँग की। साथ ही तेजस्वी की बातें संसद के रिकॉर्ड से भी हटाई जानी चाहिए। उन्होंने गांधी भवन में पार्टी नेताओं के साथ पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि तेलंगाना पर तेजस्वी के बयान शहीदों का अपमान हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेलंगाना का गठन संवैधानिक रूप से हुआ। उन्होंने याद दिलाया कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान के लिए कांग्रेस पार्टी ने निर्णय लिया था।
बीजेपी की दिवंगत नेता सुषमा स्वराज ने तेलंगाना बिल का समर्थन किया था। तेजस्वी की बातें देश के लोकतंत्र का अपमान हैं। उन्होंने लोकसभा स्पीकर से माँग की कि संसद में पारित बिल का मजाक उड़ाने वाली इन टिप्पणियों को रिकॉर्ड से हटाया जाए। साथ ही बयान देने वाले सांसद की सदस्यता भी रद्द की जानी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जब बीजेपी सांसद इस तरह मनमाने तरीके से बोल रहे हैं, तो राज्य के पार्टी के नेता क्यों प्रतिक्रिया नहीं दे रहे।
बीजेपी नेताओं की चुप्पी पर मंत्री ने उठाए सवाल
मंत्री ने पूछा कि तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष रामचंदर राव, केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी, बंडी संजय और अन्य सांसद तेलंगाना का अपमान होते हुए देखते रहे, क्या यह ठीक है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना गठन पर इतना गुस्सा और भेदभाव उचित नहीं है। तेलंगाना लोकतांत्रिक तरीके से बना है। उन्होंने माँग की कि तेलंगाना के गठन का अपमान करने वालों को कानूनी रूप से सबक सिखाने की प्रक्रिया होनी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि तेलंगाना आंदोलनकारी और शहीदों के परिवारों को इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देना चाहिए। उन्होंने बताया कि पूर्व सांसद होने के नाते वह सीधे स्पीकर से मिलकर शिकायत करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जनता के बीच बीजेपी के रुख को बताने की कोशिश करेंगे।
अज्ञानता की पराकाष्ठा : जूपल्ली कृष्णा राव
पर्यटन मंत्री जूपल्ली कृष्णा राव ने बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या द्वारा की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा की। उन्होंने एक बयान में कहा कि यह टिप्पणियाँ तेलंगाना के आत्मसम्मान और शहीदों के बलिदानों का अपमान है। उन्होंने माँग की कि तेजस्वी तुरंत तेलंगाना के लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी माँगें।
यह भी पढ़ें… देश को तोड़ने की राजनीति कर रहे हैं मुख्यमंत्री : एन. रामचंदर राव
साथ ही चेतावनी दी कि अगर तेलंगाना के अस्तित्व को अपमानित करने वाली बातें की जाएँगी, तो जनता उचित जवाब देगी। पीसीसी के कई अन्य नेताओं ने तेजस्वी के बयानों की कड़ी निंदा कर जनता से क्षमा याचना करने की माँग की। खैरताबाद डीसीसी अध्यक्ष रोहित के नेतृत्व में तेजस्वी का पुतला जलाकर विरोध प्रकट किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



