रेल परियोजनाओं को लेकर राज्य सरकार से सहयोग की अपील

हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने सिकंदराबाद स्थित रेल निलयम में तेलंगाना में रेलवे परियोजनाओं से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए राज्य सरकार के मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। अवसर पर तेलंगाना में अंडरब्रिज और ओवरब्रिज परियोजनाओं की मंजूरी और कार्यान्वयन की प्रक्रिया आदि के दौरान राज्य सरकार से अपेक्षित सहायता तथा सहयोग पर विस्तृत चर्चा की गई।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तेलंगाना राज्य के मुख्य सचिव तथा अन्य राज्य सरकारी अधिकारियों की भागीदारी के साथ रेलवे परिसर में आयोजित यह पहली बैठक थी, जिसका उद्देश्य राज्य सरकार और रेलवे के बीच संबंधों और समन्वय को मजबूत करना था। बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों द्वारा तेलंगाना में चल रही विभिन्न अवसंरचना परियोजनाओं जैसे अंडरब्रिज, ओवरब्रिज, नई रेलवे लाइनों के निर्माण, स्टेशन विकास, स्टेशन पहुँच मार्ग आदि से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
अवसर पर रेलवे अधिकारियों ने राज्य सरकार से एनओसी, भूमि अधिग्रहण, यातायात के मार्ग परिवर्तन, बिजली लाइनों और पाइपलाइनों के स्थानांतरण आदि के संबंध में सहयोग माँगा। अधिकारियों ने राज्य में नई रेलवे लाइनों पर चर्चा करते हुए भूमि अधिग्रहण, लागत साझाकरण आदि के संबंध में राज्य सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।
यह भी पढ़ें… दक्षिण के राज्यों के साथ न खेले केंद्र : केटीआर
राज्य सरकार का सहयोग क्रियान्वयन को करेगा तेज
दमरे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जिन विभिन्न रेल अवसंरचना परियोजनाओं पर चर्चा हुई, उनका पूरा होना न केवल जनता के लिए लाभकारी होगा, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास में भी योगदान देगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का सहयोग इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन की गति को काफी तेज करेगा। दमरे महाप्रबंधक ने बैठक में सक्रिय भागीदारी के लिए तेलंगाना के मुख्य सचिव और राज्य सरकार के अधिकारियों की टीम के प्रति आभार जताया।

तेलंगाना सरकार के मुख्य सचिव के. रामकृष्ण राव ने बैठक के दौरान राज्य सरकार और रेलवे के बीच इस प्रकार की और अधिक व्यवस्थित बैठकों और घनिष्ठ समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए विभिन्न विभागों के बीच एकीकृत योजना और सहयोग आवश्यक है। राज्य और रेलवे के बीच बेहतर संचार और समझ से किसी भी मुद्दे को हल करने और जनता के कल्याण में योगदान देने में मदद मिलेगी।
अवसर पर हैदराबाद को बेंगलुरू, चेन्नई तथा पुणे से जोड़ने वाले हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के प्रस्ताव पर प्रारंभिक चर्चा हुई। साथ ही अधिकारियों ने क्षेत्रीय रिंग रेल परियोजना के प्रस्ताव की समीक्षा की। बैठक में दमरे के अतिरिक्त महाप्रबंधक सत्य प्रकाश, विभागाध्यक्ष, सिकंदराबाद तथा हैदराबाद डिवीजन के मंडल रेलवे प्रबंधक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



