हैदराबाद ऑटो चालक ने लौटाया सोने से भरा बैग

हैदराबाद, ऑटो चालक ने ईमानदारी का परिचय देते हुए महिला यात्री द्वारा उसके ऑटो में छोड़ा गया बैग लौटा दिया, जिसमें 6.5 तोला सोने के आभूषण और 3,500 रुपये की नकदी रखी हुई थी। सैफाबाद पुलिस इंस्पेक्टर सीतय्या ने बताया कि मूलत गुलबर्गा निवासी सुजाता आर हिरेमत (43) ने कल पुलिस थाने आकर शिकायत दर्ज करवाई। उसने अपनी शिकायत में बताया कि 23 अप्रैल को वह नारसिंगी से बिड़ला मंदिर जाने के लिए उबर ऑटो में सवार हुई और बिड़ला मंदिर के पास ऑटो से उतरते समय वह अपना बैग ऑटो में भूल गयी, जिसमें सोने के आभूषण व नकदी रखी हुई थी।
सीतय्या के नेतृत्व में पुलिस कांस्टेबल के. विनय कुमार और मदन मोहन ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर ऑटो के पंजीकरण नंबर और ऑटो चालक का पता लगाया। पता लगने के बाद पुलिस ने ऑटो चालक के. नागेश से सम्पर्क किया और बैग के बारे में पूछताछ की।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद नारकोटिक्स एनफोर्समेंट विंग का विस्तार
चिंतल बस्ती खैरताबाद निवासी नागेश ने पुलिस को बताया कि बैग ऑटो की पिछली सीट के पीछे रखा हुआ है, जिसे उसने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के बाद ही देखा। उसके बाद नागेश ने थाने आकर महिला का बैग उसे लौटा दिया। पुलिस इंस्पेक्टर सीतय्या ने नागेश का नकद पुरस्कार के साथ सम्मान किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





