कविता की पार्टी का नया नाम ‘तेलंगाना रक्षणा सेना’
हैदराबाद , केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने कल्वाकुंट्ला कविता को ‘तेलंगाना रक्षणा सेना’ नाम से राजनीतिक पार्टी के पंजीकरण हेतु आवेदन करने की अनुमति दी है। आयोग ने दो राष्ट्रीय और दो स्थानीय समाचार पत्रों में पार्टी के नाम पर आपत्तियाँ होने पर एक महीने के भीतर सूचित करने का आग्रह करते हुए दो दिन लगातार सार्वजनिक घोषणा जारी करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि यदि वर्तमान में चल रही पार्टियाँ या अन्य कोई भी उपरोक्त नाम पर आपत्ति व्यक्त करता है, तो उन आपत्तियों पर निर्णय लेने के बाद ही पार्टी के नाम को अंतिम स्वीकृति मिलेगी।
आवेदन करने की चुनाव आयोग ने दी अनुमति
इस संबंध में 28 अप्रैल को कविता को निर्वाचन आयोग के अंडर सेक्रेटरी मनीष कुमार ने पत्र लिखा। हालांकि, कविता ने पहले ‘तेलंगाना प्रजा जागृति’ नाम से पार्टी पंजीकरण के लिए आवेदन किया था। इसके विकल्प के रूप में पांच नामों पर विचार करने का अनुरोध करते हुए तेलंगाना प्रजा जागृति की अध्यक्ष के रूप में कविता ने 23 अप्रैल को निर्वाचन आयोग को प्रस्ताव भेजा।
उनमें तेलंगाना प्रजा जागृति के साथ-साथ, तेलंगाना जागृति, तेलंगाना रक्षण सेना, तेलंगाना राज्य जागृति, तेलंगाना प्रजा शक्ति नाम शामिल थे। उनमें से आयोग ने ‘तेलंगाना रक्षण सेना’ नाम से पार्टी पंजीकरण के लिए आवेदन करने की अनुमति दी। ज्ञातव्य है कि 25 अप्रैल को मेडचल में आयोजित सार्वजनिक सभा में कविता ने अपनी पार्टी का नाम ‘तेलंगाना राज्य सेना’ (टीआरएस) बताया था, लेकिन यह नाम निर्वाचन आयोग को भेजे गए पांच नामों में नहीं था। विश्लेषकों का मानना है कि अपने प्रतिद्वंद्वियों को भ्रमित करने के लिए ऐसा घोषित किया गया था। आखिरकार ‘तेलंगाना रक्षण सेना’ संक्षिप्त में टीआरएस आने वाले इस नाम के साथ पार्टी पंजीकरण के लिए आवेदन करने की अनुमति मिल गयी है। आयोग ने इस नाम से नया आवेदन और पार्टी का संविधान भेजने के साथ-साथ समाचार पत्रों में दिए गए विज्ञापन को भी प्रस्तुत करने के निर्देश कविता को लिखे पत्र में दिए हैं।
टीआरएस’ शायद मेरे लिए ही लिखा गया होगा : कविता
‘टीआरएस’ शायद मेरे लिए ही लिखा गया होगा’ कहते हुए कविता ने खुशी जताते हुए एक्स पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों से तेलंगाना के सांस्कृतिक संरक्षण और पुनरुद्धार के लिए किए गए अपने प्रयासों को जारी रखेंगे। उन्होंने तेलंगाना के अस्तित्व की रक्षा ही अपनी पार्टी का मुख्य उद्देश्य बताया। तेलंगाना रक्षणा सेना को निर्वाचन आयोग की औपचारिक मंजूरी मिलने पर पार्टी नेताओं ने खुशी व्यक्त की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



