पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर पुनर्मतदान जारी

कोलकाता, चुनावी धांधली की जानकारी मिलने पर निर्वाचन आयोग द्वारा पुनर्मतदान का आदेश दिए जाने के एक दिन बाद, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीट के 15 मतदान केंद्रों पर शनिवार सुबह से मतदान जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के चार मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक प्रक्रिया जारी रहेगी। निर्वाचन आयोग के अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पहले घंटे में मतदान शांतिपूर्ण रहा। हिंसा या अशांति की कोई घटना नहीं हुई है। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की पर्याप्त संख्या मौजूद है। वेबकास्टिंग भी जारी है और हम पूरी प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।’’

निर्वाचन आयोग के आदेश पर दो सीटों में दोबारा वोटिंग

इन दोनों विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पुनर्मतदान का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दिया गया है।

मगराहाट पश्चिम सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मो. समीम अहमद मोल्ला का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी गौर सुंदर घोष से है, जबकि कांग्रेस के अब्दुल मजीद हलदर और इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के अब्दुल अजीज अल हसन भी मैदान में हैं। डायमंड हार्बर सीट पर तृणमूल के पन्ना लाल हलदर, भाजपा के दीपक कुमार हलदर को चुनौती दे रहे हैं। कांग्रेस के गौतम भट्टाचार्य और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर नाइया समेत कई अन्य प्रत्याशी भी इस सीट पर किस्मत आजमा रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की इन दोनों विधानसभा सीट के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली हुई थी। डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी करते हैं।

निर्वाचन आयोग ने आरोपों की जमीनी स्तर पर जांच के लिए अपने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था। इस बीच, निर्वाचन आयोग शनिवार को फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान पर फैसला करेगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो चरणों 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को संपन्न हुए थे। नतीजे चार मई को घोषित किए जाएंगे।

बंगाल: पुनर्मतदान के शुरुआती दो घंटे में 16 प्रतिशत से अधिक मतदान

सुबह 9 बजे तक मगरहाट में 16.68%, डायमंड हार्बर में 15.83% वोटिंग हुई है। दरअसल, 29 अप्रैल को इन बूथों पर दूसरे फेज की वोटिंग के दौरान EVM से छेड़छाड़ और झड़प की शिकायत मिली थी। इसके चलते दोबारा वोटिंग का फैसला लिया गया। ये सभी बूथ दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं।

(भाषा )

यह भी पढ़ेपीएम मोदी का भावुक नोट! विजय देवरकोंडा-रश्मिका को शादी की बधाई

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button