ईरान ने युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका को नया प्रस्ताव भेजा

तेहरान/वॉशिंगटन: ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत के लिए अपना सबसे नया प्रस्ताव पेश किया है। ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA ने बताया है कि यह प्रस्ताव पाकिस्तानी मध्यस्थों के जरिए भेजा गया है। ईरान की तरफ से इस प्रस्ताव के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन IRNA की रिपोर्ट के बाद दुनिया भर में तेल की कीमतें गिर गईं। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि नए प्रस्ताव में ईरान के रुख में बदलाव के संकेत मिले हैं। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ताजा प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे इससे संतुष्ट नहीं हैं।

वाइट हाउस से फ्लोरिडा के लिए जाते समय ट्रंप ने कहा कि ईरान ऐसी रियायतें मांग रहा है, जिन्हें वे स्वीकार नहीं कर सकते। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “वे एक समझौता करना चाहते हैं, लेकिन मैं उससे संतुष्ट नहीं हूं।” ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान का नेतृत्व बहुत बिखरा हुआ है और दो या तीन गुटों में बंटा है। ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

ईरान के खिलाफ ट्रंप ने बताए 2 ऑप्शन

ट्रंप ने यह भी कहा कि विकल्प मौजूद हैं। क्या हम जाकर उन पर जबरदस्त हमला करके उन्हें हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहते हैं, या हम कोई समझौता करने की कोशिश करना चाहते हैं- यही दो विकल्प हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह ईरान पर जबरदस्त हमला करना चाहते हैं तो ट्रंप ने कहा, इंसानी नजरिए से मैं ऐसा नहीं करना चाहूंगा। उन्होंने बताया कि सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने की जानकारी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बताया कि अधिकारियों ने नए प्रस्ताव पर बात की है। उन्होंने कुछ प्रगति की है, लेकिन मुझे पक्का नहीं पता कि वे कभी इस मुकाम तक पहुंच पाएंगे या नहीं। वे ऐसी चीजें मांग रहे हैं, जिनसे मैं सहमत नहीं हो सकता।

ईरान ने दिए झुकने के संकेत

वॉल स्ट्रीट जर्नल ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि प्रस्ताव से ईरान के रुख में बदलाव का संकेत मिलता है, लेकिन कई अहम मुद्दों पर दोनों पक्ष अभी भी एक-दूसरे से काफी दूरे हैं। मामले से जुड़े लोगों ने बताया है कि युद्ध खत्म करने के लिए ईरान के नए प्रस्ताव में कुछ समझौते के संकेत हैं, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और परमाणु कार्यक्रम जैसे मुद्दों पर यह अमेरिका के रुख से अभी भी काफी दूर है।

ईरान के नए प्रस्ताव में क्या है?

  • सूत्रों का कहना है कि ईरान ने पेशकश की है कि अगर अमेरिका अपने हमलों और ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी को खत्म करने की गारंटी देता है, तो तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की अपनी शर्तों पर चर्चा को तैयार है।
  • इससे पहले ईरान ने कहा था कि बातचीत के लिए अमेरिका नाकाबंदी खत्म करे और मांग की थी होर्मुज के प्रबंधन और परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा से पहले वॉशिंगटन युद्ध खत्म करने पर सहमत हो।
  • नए प्रस्ताव के तहत, अमेरिका के प्रतिबंध हटाए जाने के बदले ईरान परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर सकता है।
  • ईरान ने मध्यस्थों को संकेत दिया है कि अगर वॉशिंगटन प्रस्ताव पर सहमत हो जाता है, तो वह अगले सप्ताह की शुरुआत में पाकिस्तान में बातचीत करने को तैयार है।( PTI)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button