हैदराबाद मेट्रो के लिए केंद्रीय मंत्री खट्टर से मिले मुख्यमंत्री रेवंत

दिल्ली/हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर से अनुरोध किया है कि हैदराबाद मेट्रो रेल के दूसरे चरण को तत्काल मंजूरी दी जाए। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि सात कॉरिडोरों के साथ हैदराबाद मेट्रो के दूसरे की व्यापक योजना तैयार कर डीपीआर पहले ही केंद्र प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बुधवार शाम दिल्ली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हैदराबाद मेट्रो दूसरे और तीसरे चरण पर केंद्रीय मंत्री के साथ चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे हैदराबाद शहर में यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो का और विस्तार करना आवश्यक है। हैदराबाद मेट्रो रेल का प्रथम चरण एलएंडटी एमआरएचएल से राज्य सरकार द्वारा अपने अधीन लेने का उद्देश्य ही दूसरे और तीसरे चरण का विस्तार सुचारू रूप से आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि अब पहले चरण को सरकार के अधीन लेने से दूसरे और तीसरे चरण का विस्तार आसान हो जाएगा।
तीसरे चरण में एयरपोर्ट-भारत फ्यूचर सिटी कॉरिडोर का अनुरोध
मुख्यमंत्री ने बताया कि हैदराबाद में मेट्रो रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए राज्य सरकार ने दूसरे चरण के तहत सात कॉरिडोरों में कुल 122.9 किलोमीटर विस्तार की योजना बनाई है, जिसकी अनुमानित लागत 38,595 करोड़ रुपये है। इसके लिए तैयार व्यापक डीपीआर पहले ही प्रस्तुत की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से आग्रह किया कि हैदराबाद मेट्रो रेल दूसरे चरण की परियोजना को भारत सरकार और तेलंगाना सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में शीघ्र मंजूरी दी जाए। मुख्यमंत्री ने हैदराबाद शहर की भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आरजीआई एयरपोर्ट-भारत फ्यूचर सिटी कॉरिडोर को मेट्रो के तीसरे चरण के तहत विकसित करने का भी अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि तीसरे चरण से संबंधित डीपीआर भी पहले ही प्रस्तुत की जा चुकी है।
बैठक में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय सचिव के. श्रीनिवास, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बी. अजित रेड्डी, एचएमआरएल के प्रबंध निदेशक सरफराज अहमद, राज्य सरकार के शहरी परिवहन सलाहकार एन.वी.एस. रेड्डी, दिल्ली तेलंगाना भवन के विशेष अधिकारी संजय कुमार, केंद्रीय सरकारी योजनाओं के समन्वय सचिव अद्वैत कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



