ए.आर. रहमान और सैम ऑल्टमैन की मुलाकात: ‘सीक्रेट माउंटेन’ परियोजना पर हुई चर्चा
मुंबई, ऑस्कर और ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान ने ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन के साथ मिलकर अपने आगामी एआई-आधारित प्रोजेक्ट ‘सीक्रेट माउंटेन’ के लिए सहयोग की घोषणा की है। रहमान ने सोशल मीडिया पर सैम ऑल्टमैन के साथ एक फोटो साझा करते हुए बताया कि उन्होंने इस वर्चुअल प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा की, जिसका उद्देश्य भारतीय क्रिएटर्स को सशक्त बनाना और तकनीक के माध्यम से पीढ़ीगत चुनौतियों का समाधान करना है।
यह प्रोजेक्ट एक वर्चुअल ग्लोबल बैंड के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसे एक मेटावर्स-आधारित म्यूजिकल प्लेटफॉर्म के रूप में पेश किया जाएगा। रहमान ने पोस्ट में लिखा, “हमने ‘सीक्रेट माउंटेन’, हमारे वर्चुअल ग्लोबल बैंड, और भारतीय प्रतिभाओं को एआई टूल्स के माध्यम से सशक्त करने पर चर्चा की, ताकि वे नई राह दिखा सकें।”
सीक्रेट माउंटेन: रहमान का एआई-संगीत और सांस्कृतिक संगम
रहमान ने ‘सीक्रेट माउंटेन’ की अवधारणा पहली बार फरवरी 2024 में जारी एक वीडियो के माध्यम से पेश की थी। इस एनीमेटेड प्रिव्यू में ‘लूना’ नामक एक काल्पनिक किरदार को दिखाया गया था, जो एक वर्चुअल दुनिया में प्रवेश करता है और विभिन्न संस्कृतियों से प्रेरित म्यूजिकल पर्सनाज के साथ संवाद करता है।
वीडियो में यह संकेत दिया गया था कि यह प्रोजेक्ट कहानी, संगीत और डिजिटल तकनीक के माध्यम से सांस्कृतिक संबंधों की खोज करेगा।एआई के संगीत में उपयोग पर बोलते हुए, रहमान पहले कह चुके हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रचनात्मक प्रक्रिया की शुरुआत हो सकता है, लेकिन यह उस भावनात्मक गहराई और मौलिकता की जगह नहीं ले सकता जो इंसानी संगीतकार लाते हैं। उन्होंने कहा था, “एआई एक शुरुआती बिंदु हो सकता है, लेकिन मानव तत्व अपूरणीय है।”
क्या है ‘सीक्रेट माउंटेन’?

ए.आर. रहमान ने फरवरी 2024 में अपने यूट्यूब वीडियो में इस प्रोजेक्ट की झलक दी थी। वीडियो में ‘सीक्रेट माउंटेन’ को एक ‘मेटा बैंड’ बताया गया है। यह एक वर्चुअल म्यूजिकल यूनिवर्स है, जिसमें विविध सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों के कैरेक्टर्स एआई-जनरेटेड म्यूजिक के जरिए साथ आते हैं।
इसकी कहानी एक युवा लड़की लूना के इर्द-गिर्द घूमती है, जो डिजिटल दुनिया की भागदौड़ से निकलकर एक इमर्सिव म्यूजिकल संसार खोजती है। रहमान की अपनी धुनें इस प्रोजेक्ट की “धड़कन” के रूप में कार्य करती हैं और इसका उद्देश्य इमर्सिव एंटरटेनमेंट को एआई क्रिएटिविटी के साथ जोड़ना है।‘
यह भी पढ़े : ए.आर.रहमान और हांस जिमर की सेल्फी : फैंस उत्साहित
सीक्रेट माउंटेन’ में भारत, चीन, आयरलैंड और अफ्रीका के क्षेत्रों सहित कई देशों के संगीतकारों और मेंटर्स को एक साथ लाने की योजना है। यह पहल वैश्विक संगीत के आदान-प्रदान के लिए एक सहयोगात्मक और तकनीकी रूप से समृद्ध मंच प्रदान करने का लक्ष्य रखती है।
फिलहाल रहमान निर्देशक नितेश तिवारी की आगामी फिल्म ‘रामायण’ के लिए हंस ज़िम्मर के साथ मिलकर संगीत तैयार कर रहे हैं। हालांकि ‘सीक्रेट माउंटेन’ के लॉन्च टाइमलाइन को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



