आमिर खान का सितारे जमीन पर से कामयाब कमबैक

(सिल्वरस्क्रीन जोन)

तीन वर्षों की लंबी अनुपस्थिति के बाद मिस्टर पर्फेक्शनिस्ट उर्फ आमिर खान जब गुजरे 20 जून, 2025 को अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म सितारे जमीन पर लेकर आए तो सबके मन में एक ही सवाल था, क्या शाहरुख की तरह आमिर खान भी अपनी लंबी नाकामयाबी के बाद इस फिल्म से कामयाब कमबैक कर लेंगे? गौरतलब है कि 60 साल के आमिर खान भी अपनी पिछली दो फिल्म, ‘ठग्स ऑफ हिंदुस्तान’ (2018) और ‘लाल सिंह चड्ढा’ (2022) में पूरी तरह से फ्लॉप रहे थे। अलग कहानी, दमदार स्क्रिप्ट और जोखिम लेने की अपनी खूबियों के बावजूद पिछले लगभग एक दशक से उन्हें कामयाबी नहीं मिल रही थी। इसलिए जब तीन सालों के बाद वह अपनी नई फिल्म लेकर आये और एक बड़ा साहसी फैसला यह कर लिया कि वह छह महीने से पहले ओटीटी में अपनी फिल्म को रिलीज नहीं करेंगे, तो उन्होंने अपने आपको सबकी जुबान पर आने वाली इस सवाल के दायरे में पहुंचा दिया कि क्या वह भी शाहरुख खान की तरह सात सालों बाद बॉलीवुड में कामयाब कमबैक करने जा रहे हैं?

90 करोड़ी की लागत से बनी ‘सितारे जमीन पर’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म से 120 करोड़ रुपये ऑफर हुए, लेकिन उन्होंने इसे तुरंत के लिए नामंजूर कर अपने आपको दांव पर लगा लिया। लेकिन सात सालों बाद एक सफल कमबैक करने में कामयाब रहे। उनकी फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ ने महज तीन दिनों के भीतर 95.75 करोड़ रुपये की वर्ल्ड वाइड कमाई कर ली। इस तरह आमिर खान ने अपने पहले लक्ष्य के साथ साथ अपनी पहली बाधा भी पार कर ली।

‘सितारे जमीन पर’ एक सोशल ड्रामा है। ऐसे में इसका हिट हो जाना महज उनकी कामयाब कमबैक भर नहीं है बल्कि उनकी सफल क्रिएटिव वापसी है। आमिर की छवि वैसे भी ट्रेंड सेटर की रही है। वह रह-रहकर नये नये से पैरामीटर सेट करते रहे हैं। ‘लाल सिंह चड्ढा’ के वक्त सोशल मीडिया में निगेटिव माहौल मिलने के कारण शायद उन्होंने इस बार सोशल मीडिया पर अपनी फिल्म के प्रचार को लेकर एक बेहद संयम से भरी रणनीति बनायी थी।

बिल्कुल लो प्रोफाइल रहते हुए और माउथ ऑफ वर्ड्स पर भरोसा करते हुए। ट्रेंड एनालिस्ट मानते थे कि अगर आमिर की यह फिल्म चल गयी, तो एक बार फिर से उनका ब्रांड वैल्यू मजबूत हो जायेगा। लेकिन अगर औसत रही या फ्लॉप हो गयी तो उनकी वापसी मुश्किल हो जायेगी।

सच बात तो यह है कि आमिर खान ने बॉलीवुड सिनेमा के गुणवत्ता के स्तर को बढ़ाया है। 90 के दशक में जब बाकी सारे स्टार अपने स्टार वैल्यू पर फोकस कर रहे थे, आमिर खान ने तभी से कंटेंट क्वालिटी पर जोर देना शुरु कर दिया था। उनकी फिल्में चाहे ‘जो जीता वही सिकंदर’, ‘अंदाज अपना अपना’ या ‘दिल है कि मानता नहीं’ जैसी शुरुआती फिल्में रही हों, फिर भी उन्होंने अच्छी कहानियों पर काम करना चुना।

बाद में ‘सरफरोश’, ‘लगान’, ‘दिल चाहता है’, ‘तारे ज़मीं पर’, ‘थ्री इडियट्स’ और ‘दंगल’ जैसी अपनी फिल्मों से आमिर खान ने बॉलीवुड के मेनस्ट्रीम सिनेमा के बहुत हाई स्टैंडर्स तय कर दिए। आमिर खान ने अपने रोल के लिए जिस तरह डेडिकेशन, जिस तरह का रिसर्च, जिस तरह का बॉडी ट्रांसफोर्मेशन और पर्फेक्शन को नया लेबल दिया, वह किसी और के पास नहीं था। आमिर खान ने जिस तरह से अपने रोल के लिए मेहनत के नये मानदंड स्थापित किए, वह भी अपने आपमें एक बड़ा मूल्य है।

यह भी पढ़ें: भगवान शिव के किरदार में मोहित रैना

‘तारे जमीन पर’, ‘पीके’, ‘थ्री इडिएट्स’ और ‘दंगल’ ऐसी फिल्में थीं, जो सोचने वाली कहानियों पर बनी थीं और इन्होंने बड़ा व्यवसाय हिट भी हासिल किया। इससे प्रूफ हुआ कि सिर्फ मसाला फिल्में ही नहीं, सोशल थीम की फिल्में भी ब्लॉकबस्टर बन सकती हैं। यह इंडस्ट्री की सोच बदलने वाला कदम था।

उनकी ‘लगान’, ‘दिल चाहता है’ जैसी फिल्मों ने भारत में अर्बन मल्टीप्लेक्स ऑडिएशन का नया मार्केट खड़ा किया। आमिर ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी में ‘लगान’, ‘तारे जमीन पर’, ‘जाने तू या जाने न’ और ‘डेली वेली’ जैसी एक्सपेरिमेंट से भरी फिल्में बनायी। इससे स्टार ड्रिवेन और डायरेक्टर ड्रिवेन सिनेमा में बैलेंस आया।

यही नहीं आमिर खान ने जब टीवी के लिए ‘सत्यमेव जयते’ जैसा सामाजिक मुद्दों वाला शो बनाया तो उसमें भी उन्होंने आम जनता के बीच एक स्टार की सोशल जिम्मेदारी वाला चेहरा प्रस्तुत किया। इस तरह देखें तो आमिर खान ने बॉलीवुड में स्टोरी टेलिंग, क्वालिटी, सोशल रिस्पोंसबिलिटी और इंटरनेशनल एक्सपैंशन का बड़ा योगदान दिया। उनके पहले चीन में किसी भी फिल्म ने 500 करोड़ का बिजनेस नहीं किया था, जबकि ‘दंगल’ ने अकेले 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा अकेले चीन में कमाये और पूरे वैश्विक बाजार में 2000 करोड़ की कमाई का आंकड़ा छुआ। इस तरह देखें तो इंडियन सिनेमा के लिए विदेश में ऊंची उड़ान का पैमाना सेट करने वाले भी आमिर खान ही थे।

-डी.जे.नंदन

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button