हशीश ऑयल की तस्करी के आरोप में ग्राहक सहित तीन गिरफ्तार
हैदराबाद, जुबली हिल्स जोन की टास्क फोर्स पुलिस ने जुबली हिल्स पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत हशीश ऑयल बेचने वाले दो तस्करों और एक ग्राहक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 45 बोतलों में (प्रति बोतल 5 एमएल) भरकर रखा गया हशीश ऑयल और 185 ग्राम खुला हशीश ऑयल जब्त किया।
आरोपियों के पास से तीन सेलफोन भी जब्त किए गए। जब्त संपत्ति की कीमत 1,02,500 रुपये बताई जा रही है। आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में टास्क फोर्स पुलिस उपायुक्त गायकवाड वैभव रघुनाथ ने बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर टास्क फोर्स इंस्पेक्टर सी.एच. यादेन्दर ने जुबली हिल्स पुलिस के साथ मिलकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मैत्री कॉलोनी, किस्मतपुर, बंड्लागुड़ा जागीर निवासी शंक्रुल्ला अखिल (30) रहमतनगर, यूसुफगुड़ा निवासी पोखरेल संदीप (25) और उनके पास से हशीश ऑयल खरीदने वाला श्रावंतीनगर, वेंकटगिरी निवासी व पेशे से निजीकर्मी शेख अनवर (28) शामिल है। उन्होंने बताया कि अखिल से पूछताछ करने पर पता चला कि हैदराबाद में हशीश ऑयल की अधिक माँग को देखते हुए अखिल अरकू से हशीश ऑयल लाकर इसे ऊँचे दाम पर बेच रहा था।
यह भी पढ़े : भारी मात्रा में अफ्राजोलम और एफेड्रीन ड्रग्स जब्त
नौकरी न होने के कारण अखिल आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा था। इस कारण भी उसने हशीश ऑयल की तस्करी का रास्ता अपना लिया। संदीप अखिल के पास से हशीश ऑयल खरीदकर इसे अन्य ग्राहकों को बेच रहा था। शेख अनवर इन दोनों के पास से हशीश ऑयल खरीदकर इसका सेवन कर रहा था। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





