राहुल गांधी को धमकी देने पर कांग्रेस में आक्रोश
नई दिल्ली, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत 25 सांसदों को गोली मारने की धमकी दी गई है। वीडियो के सामने आने के बाद पार्टी नेता आक्रोश में हैं। यूथ कांग्रेस ने अपने एक्स अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि धमकी देने वाले व्यक्ति की अब तक ना तो गिरफ्तारी हुई है और ना ही कोई एफआईआर दर्ज की गई है।
क्या बोले पवन खेड़ा
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर वीडियो शेयर किया है। पवन खेड़ा ने लिखा कि पूरा RSS-भाजपा तंत्र एक “गोडसे फैक्ट्री” की तरह काम कर रहा है। करणी सेना द्वारा राहुल गांधी और 25 सांसदों को दी गई धमकी कोई अलग घटना नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा लगती है।
आगे लिखा कि पहले किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा में स्पीकर ओम बिरला का अपमान किया, जबकि वीडियो में ऐसा कुछ नहीं दिखता। उल्टा, स्पीकर मुस्कुराते नजर आते हैं। इसके बाद कई भाजपा नेताओं ने एक ही बात दोहरानी शुरू कर दी कि राहुल गांधी देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं।
राहुल गांधी को धमकी देने वाला गिरफ्तार
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित 25 सांसदों की हत्या की धमकी देने वाले शख्स को राजस्थान में गिरफ्तार कर लिया गया। सोशल मीडिया पर धमकी वाला वीडियो वायरल होने के बाद कोटा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ऐक्शन लिया। राहुल गांधी और अन्य सांसदों पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अपमान का आरोप लगाते हुए आरोपी ने यह धमकी दी थी। उसकी पहचान राज सिंह आमेरा के रूप में हुई है। वह खुद को करणी सेना और भाजपा का कार्यकर्ता बताते हुए कहता है कि राहुल गांधी को घर घुसकर गोली मार देगा।
वहीं भाजपा ने कहा है कि आरोपी का उनकी पार्टी से कोई संबंध नहीं है।शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि पुलिस को एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें उद्योगआरोपी नगर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर निवासी राज आमेरा नामक युवक कांग्रेस सांसदों और राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दे रहा था। वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। वीडियो में खुद को करणी सेना का बताते हुए शख्स ने संसद में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के चेंबर में हुई घटना का जिक्र किया था। पुलिस काकहना है कि इस मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपी के पहले पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी हैं।
राज सिंह आमेरा वीडियो में कई आपत्तिजनक टिप्पणी करता दिखाई दे रहा है। वह खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए राहुल गांधी को घर में घुसकर गोली मारने की बात कहता है। वह कहता है कि जिस तरह से भारत की संसद में कांग्रेस के 25 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अपशब्द बोले हैं उसकी हम भाजपा के कार्यकर्ता भरसक निंदा करते हैं। इससे भाजपा और करणी सेना के कार्यकर्ताओं में काफी रोष व्याप्त है। दोबारा ऐसी घटना हुई तो उन सांसदों के घर में घुसकर हम तोड़फोड़ करेंगे। ये घटना राहुल गांधी के आदेश पर हुई इसलिए राहुल गांधी कान खोलकर सुन ले कि दोबारा ऐसी घटना हुई तो तेरे घर में घुसकर हम गोली मार देंगे। (भाषा)
यह भी पढ़ें– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर जापान पहुंचे
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



