सुचारू रूप से चली विधानसभा : सांबशिव राव
हैदराबाद, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) प्रदेश सचिव एवं विधायक के. सांबशिव राव ने कहा कि विधानसभा का बजट सत्र पहले की तुलना में अधिक सुचारू रूप से संचालित हुआ। सांबशिव राव ने आज यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि इस बार विधानसभा सत्र बीआरएस सरकार की तुलना में अधिक सुचारू रूप से आयोजित हुआ।
सदन में सभी सदस्यों को बात करने का मौका मिला। पूर्व में बात करने का प्रयास करने पर सदस्यों को मार्शलों द्वारा बाहर भेज निकाल दिया जाता था। अब वह स्थिति नहीं है। स्पीकर ने सभी सदस्यों को बात करने का मौका दिया। उन्होंने आगे कहा कि उप-मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का द्वारा सदन में पेश किये गये वार्षिक बजट में कुछ भी नया नहीं है।
यह भी पढ़ें… रियल्टर्स को लेकर चिंता जताई केटीआर ने
हमनें शिक्षा क्षेत्र के लिए 14 प्रतिशत निधियां आवंटित करने की मांग की, लेकिन केवल 8 प्रतिशत ही आवंटित की गयी। निधियों की कमी के कारण बजट में केवल कुछ क्षेत्रों को ही प्राथमिकता दी गई। बार-बार यह बहाना बनाने का कोई मतलब नहीं है कि पिछली सरकार ने राज्य को कर्जों में धकेल दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को उपलब्ध निधियों का सदुपयोग करने पर ध्यान देना चाहिए।
जनता से किये गये वादों को लागू करने की जिम्मेदारी राज्य सरकार पर ही है, लेकिन आर्थिक संकट की स्थिति कांग्रेस द्वारा जनता से बहुत अधिक वादे करने के कारण उत्पन्न हुई है। भाकपा नेता ने आगे कहा कि सभी किसानों को 2 लाख रुपये तक फसल ऋण माफी का लाभ नहीं मिला है। सरकार का कहना है कि तकनीकी समस्याओं के चलते ऐसा हो रहा है। समस्याओं को सुलझा कर किसानों को राहत दिलाने की जिम्मेदारी सरकार पर है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



