नामी प्रतिष्ठानों में भी खराब तेल का इस्तेमाल
हैदराबाद, बाज़ार के खाने को मना करने वाले सबसे बड़ा कारण यही बताते हैं कि वहाँ गुणवत्ताहीन तेल का उपयोग किया जाता है। इस बात का ध्यान रखते हुए लोग बड़े प्रतिष्ठानों का रुख़ करते हैं कि यहाँ ठीक ठाक होगा, लेकिन सरकारी छापों के दौरान अब यह बात सामने आने लगी है कि नामी प्रतिष्ठानों द्वारा उपयोग में लाया जाने वाला तेल भी ठीक नहीं है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फूड सेफ्टी जाँच के दौरान कोंडापुर स्थित एक केएफसी आउटलेट पर गंभीर अनियमितताएँ पायीं। अधिकारियों ने यहाँ इस्तेमाल हो रहे कुकिंग ऑयल की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।


फूड सेफ्टी अधिकारियों के अनुसार, राजराजेश्वरी कॉलोनी स्थित इस आउटलेट पर की गई औचक निरीक्षण कार्रवाई में पाया गया कि तेल में टोटल पोलर कंपाउंड्स का स्तर निर्धारित सीमा से अधिक था। यह संकेत देता है कि तेल का बार-बार उपयोग किया गया, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। निरीक्षण के दौरान तेल का रंग काफी गहरा पाया गया, जो उसके अत्यधिक उपयोग और खराब गुणवत्ता का स्पष्ट संकेत है।
फूड सेफ्टी जांच में कई खामियां उजागर
इस मामले में संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। टीपीसी स्तर का उपयोग तेल की गुणवत्ता और उसकी गिरावट को मापने के लिए किया जाता है। निर्धारित सीमा से अधिक टीपीसी होने पर वह तेल उपभोग के लिए असुरक्षित माना जाता है। इससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं। हैदराबाद में फूड सेफ्टी जाँच अभियान तेज कर कर दिया गया है। शहर के कई रेस्टोरेंट, क्लाउड किचन और फूड आउटलेट्स में तेल के पुन: उपयोग, खराब स्वच्छता और गलत स्टोरेज जैसी खामियाँ सामने आई हैं।
यह भी पढ़ें… आईपीएल टिकटों की जालसाजी व काला बाजारी का पर्दाफाश
कई मामलों में नोटिस और जुर्माने भी लगाए गए। यह सभी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा मानकों की जाँच के लिए एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है, ताकि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों ने फूड बिजनेस ऑपरेटर्स को सख्त निर्देश दिए कि वह तेल के उपयोग और स्वच्छता से जुड़े नियमों का पालन करें। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वह खाने की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों की सूचना संबंधित विभाग को दें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



