बगलामुखी जयंती : आंतरिक नकारात्मकता पर विजय पाने का अवसर

तिथि मुहूर्त
विक्रम पंचांग के अनुसार, वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि आज रात 8 बजकर 49 मिनट से शुरू हो रही है, 24 अप्रैल, शुक्रवार की शाम 7 बजकर 21 मिनट पर समाप्त होगी। उदया तिथि के अनुसार बगलामुखी जयंती 24 अप्रैल, शुक्रवार को मनाई जाएगी।
वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि माँ बगलामुखी जयंती के रूप में मनाई जाती है। माना जाता है कि इस तिथि को दस महाविद्याओं में शामिल आठवीं देवी माँ बग्लामुखी का प्राकट्य हुआ था। इस दिन विधि-विधान से माँ बगलामुखी की उपासना की जाती है। मान्यता है कि इस दिन माँ बगलामुखी की पूजा-उपासना करने से दुश्मन, रोग और कर्ज से मुक्ति मिलती है। शास्त्रों में माँ बगलामुखी तंत्र विद्या की देवी मानी गई हैं। तंत्रशास्त्र के अनुसार, माँ बगलामुखी की उपासना से रोग दूर होते हैं। महामारी का भय नहीं रहता और शत्रुओं से छुटकारा मिलता है। इसके अलावा माँ बगलामुखी की उपासना से भय और चिंता भी दूर रहती है।
पूजा विधि
माँ बगलामुखी जयंती को ब्रह्म मुहूर्त में दैनिक कर्म कर लें। हाथ में अक्षत, हल्दी, पीले फूल लेकर व्रत का संकल्प लें। शुद्ध होकर पीले रंग के वस्त्र पहनें। पूजाघर में पूर्व दिशा में एक चौकी पर माँ बगलामुखी की तस्वीर रखें। माँ बगलामुखी की पूजा में पीले फूल और पीले फलों का उपयोग किया जाता है। पूजन के दौरान माँ बगलामुखी को धूप-दीप और अगरबत्ती दिखाएं। माता को पीरे रंग की मिठाई का भोग लगाएं। इस दिन हल्दी की माला से साधक ॐ ह्लीं बगलामुख्यै नम मंत्र का जाप करते हैं।
दीपक में घी या सरसों का तेल जलाकर माता को भोग अर्पित किया जाता है। व्रत नियम के मुताबिक, रात में फलाहार कर सकते हैं। अगले दिन पूजन के बाद ही भोजन ग्रहण करके व्रत का पारण करें। देशभर में कई शक्तिपीठों में बगलामुखी जयंती धूमधाम से मनाई जाती है। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध बगलामुखी मंदिर और दतिया का पीतांबरा पीठ इस दिन श्रद्धालुओं से भरे रहते हैं।
यहां विशेष हवन, यज्ञ और रात्रि जागरण का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से साधक और भक्त शामिल होते हैं। बगलामुखी जयंती केवल शत्रु नाश की साधना नहीं, बल्कि आत्मबल और संयम का पर्व भी है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि बाहरी संघर्षों से पहले भीतर की नकारात्मकता पर विजय आवश्यक है। माँ बगलामुखी की कृपा से व्यक्ति साहस, धैर्य और मानसिक स्थिरता प्राप्त करता है, जिससे जीवन की कठिन परिस्थितियां भी आसान लगने लगती हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





