बेहतर शिक्षा सरकार का लक्ष्य : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने विभिन्न श्रेणियों जैसे एससी, एसटी, बीसी, अल्पसंख्यक के तहत इंटरमीडिएट स्तर तक के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों को युक्तिसंगत बनाने और प्रत्येक स्कूल में छात्रों की एक निर्दिष्ट संख्या सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शैक्षिक मानकों को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने हेतु आवश्यक बुनियादी ढांचा, शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए सभी कदम उठाये जाएंगे।
ग्रीष्मावकाश के बाद पाठशालाओं का पुनः आरंभ के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कमांड कंट्रोल सेंटर में शिक्षा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को यह आदेश दिया कि एक ऐसी प्रणाली विकसित की जाए ताकि सरकारी स्कूलों में प्रत्येक छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। उन्होंने शिक्षा मानकों को बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव दिया।
यह भी पढ़ें… मानसून आपातकालीन टीमें 24 घंटे उपलब्ध रहें : रेवंत
छात्रों में कौशल विकास और मूल्यों की आवश्यकता
रेवंत रेड्डी ने कहा कि शिक्षा प्रणाली में बदलाव की जरूरत है, ताकि छात्र भाषा ज्ञान के साथ-साथ कौशल भी विकसित कर सकें। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों को हाई स्कूल स्तर से ही कौशल विकास प्रदान किया जाता है, तो उन्हें भविष्य में अपने चुने हुए क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने राज्य में तेजी से हो रहे शहरीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग ने नागरिक प्रशासन के साथ समन्वय करके एचएमडीए और नगरपालिकाओं के लेआउट में सामाजिक सुविधाओं के लिए पहचाने गए स्थानों पर स्कूल स्थापित करना चाहिए।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि बड़ी संख्या में छात्र गुरुकुल की ओर आकर्षित हो रहे हैं, क्योंकि वहां पर गुणवत्तापूर्ण भोजन, वर्दी और पाठ्य पुस्तकें प्रदान की जाती हैं। उन्होंने आगे कहा कि अगर बच्चों को परिवार और समाज के महत्व और परिवार और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को समझाने के लिए परामर्श दिया जाता है, तो वे मानसिक रूप से मजबूत होंगे और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।
इस समीक्षा बैठक में सीएम के सलाहकार वेम नरेंदर रेड्डी, राज्य सरकार के सलाहकार केशव राव, सीएम के विशेष सचिव अजित रेड्डी, सीएम के सचिव माणिक राज, शिक्षा सचिव योगिता राणा, तकनीकी शिक्षा आयुक्त श्रीदेवा सेना, स्कूल शिक्षा निदेशक नरसिम्हा रेड्डी आदि ने भाग लिया।
सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए डीए में बढ़ोतरी
राज्य सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को खुशखबरी दी है। सरकार ने आज कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) में 3.64 प्रतिशत की बढ़ोतरी के आदेश जारी किये। सरकारी आदेश में कहा गया है कि बढ़ाये गया डीए 1 जनवरी 2023 से लागू होगा। ज्ञातव्य है कि हाल ही में संपन्न मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों को दो डीए मंजूर किए थे। सरकार ने घोषणा की थी कि इनमें से एक डीए तुरंत तथा दूसरा डीए छह महीने के बाद दिया जाएगा। इसके मद्देनजर सरकार ने आज एक डीए मंजूर करने के आदेश जारी किये। सरकारी आदेश में कहा गया कि दूसरा डीए छह महीने के बाद दिया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



