बिहार : नीतीश कुमार के बेटे निशांत सहित 31 मंत्रियों ने शपथ ली

पटना, बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार की मंत्री परिषद का बृहस्पतिवार को विस्तार किया गया तथा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) प्रमुख नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार और 30 अन्य लोगों ने गांधी मैदान में आयोजित एक समारोह में मंत्री पद की शपथ ली।
राज्य में पांच दलों वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी घटक दलों से कुल 31 लोगों को राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। निशांत कुमार और पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के अलावा, पूर्व मंत्री श्रवण कुमार और अशोक चौधरी को मंत्री परिषद में शामिल किया गया है।
निशांत को मिला पिता नीतीश का आशीर्वाद
आखिरकार नीतीश कुमार ने अपने बेटे को सत्ता का सारथी बना दिया। सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल के विस्तार में कुल 31 मंत्रियों को शामिल किया जा रहा है, जिनमें सबसे अधिक चर्चा नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की हो रही है। निशांत कुमार की सरकार में डायरेक्ट एंट्री कैबिनेट के तौर पर हो रही है। मंत्री पद की गरिमा संभालने से ठीक पहले निशांत ने अपनी पारिवारिक परंपरा को निभाया। उन्होंने अपने पिता नीतीश कुमार का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान नीतीश कुमार ने भावुक होकर अपने बेटे को गले लगाया।
फिर नीतीश कुमार ने निशांत को संजय झा और ललन सिंह से भी आशीर्वाद दिलवाया। नई कैबिनेट के गठन में गठबंधन के सभी दलों का ध्यान रखा गया है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली इस नई टीम में भाजपा के 15, जदयू के 13 और चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) के 2 मंत्रियों को स्थान दिया गया है। निशांत कुमार को जदयू कोटे से मंत्रिमंडल में शामिल किया जा रहा है।(भाषा)
यह भी पढ़े– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार रैली
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



