ब्लिंकिट अब सिर्फ 10 मिनट में देगा आईफोन 17 सीरीज़ की डिलीवरी
हैदराबाद, अब आईफोन खरीदने के लिए न तो लंबी लाइन में लगने की ज़रूरत होगी और न ही हफ्तों का इंतज़ार करना पड़ेगा। इंस्टेंट ई-कॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म ब्लिंकिट ने घोषणा की है कि वह ग्राहकों को आईफोन 17 सीरीज़ की डिलीवरी मात्र 10 मिनट में करेगा।
ब्लिंकिट ने अधिकृत एप्पल रिसेलर यूनिकॉर्न इन्फोसॉल्यूशन्स के साथ साझेदारी बढ़ाते हुए यह कदम उठाया है। कंपनी की ओर से सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी के मुताबिक 19 सितंबर से, यानी वैश्विक लॉन्चिंग के दिन से ही, ग्राहक आईफोन 17, आईफोन 17 प्रो, आईफोन 17 प्रो मैक्स और आईफोन एयर ब्लिंकिट ऐप के ज़रिए ऑर्डर कर पाएंगे।
यह लगातार तीसरा वर्ष है जब ब्लिंकिट और यूनिकॉर्न मिलकर आईफोन लॉन्च डे पर तुरंत डिलीवरी उपलब्ध करा रहे हैं। इस पहल की शुरुआत आईफोन 15 सीरीज़ से हुई थी और आईफोन 16 के समय इसे और अधिक लोकप्रियता मिली।
फिलहाल यह सेवा दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, पुणे और बेंगलुरु जैसे बड़े महानगरों में शुरू की गई है। ग्राहक ब्लिंकिट ऐप पर जाकर मनपसंद मॉडल और रंग चुनकर ऑर्डर कर सकते हैं। कंपनी की ओर से बैंक ऑफ़र, त्वरित कैशबैक और ईएमआई विकल्प भी उपलब्ध कराए जाएंगे। हालांकि, मॉडल और रंग की उपलब्धता स्टॉक पर निर्भर करेगी।
यह भी पढ़ें… अमेजन ने मुंबई में 10 मिनट में डिलीवरी सेवा शुरू की
अब देखना दिलचस्प होगा कि अमेज़न और फ्लिपकार्ट जैसे बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफ़ॉर्म ब्लिंकिट की इस तेज़ डिलीवरी चुनौती का कैसे सामना करते हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



