उपचुनाव : पांच राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी

नयी दिल्ली, पांच राज्य की सात विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे से जारी है।गुजरात की उमरेठ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना आणंद जिले के वल्लभ विद्यानगर स्थित बीजेवीएम कॉलेज परिसर में डाक मतपत्रों की गिनती के साथ शुरू हुई।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण चौधरी ने बताया कि मतगणना के लिए 14 मतगणना पर्यवेक्षकों, 14 सहायकों और 14 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों सहित लगभग 700 अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्षद गोविंदभाई परमार और कांग्रेस उम्मीदवार भृगुराजसिंह चौहान के बीच सीधा मुकाबला है। हर्षद परमार चार बार के विधायक गोविंद परमार के पुत्र हैं। गोविंद परमार (72) का छह मार्च को उम्र संबंधी बीमारी के कारण निधन हो गया था जिसके चलते उपचुनाव जरूरी हो गए।
बारामती-राहुरी उपचुनाव: दोपहर तक तस्वीर साफ
महाराष्ट्र की बारामती और राहुरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतों की गिनती जारी है। पुणे जिले की बारामती सीट पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजित पवार की 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में मौत के बाद रिक्त हो गई थी, जिसके कारण उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था। उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार मैदान में उतरे 23 उम्मीदवारों में शामिल हैं।
अहिल्यानगर जिले की राहुरी विधानसभा सीट पिछले साल अक्टूबर में भाजपा विधायक शिवाजी कर्डिले के निधन के कारण खाली हो गई थी। उनके बेटे अक्षय कर्डिले भाजपा उम्मीदवार के रूप में मैदान में है। उनका मुकाबला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के उम्मीदवार गोविंद मोकाटे और वंचित बहुजन आघाडी के संतोष चोलके से है। कर्नाटक की दो विधानसभा सीट-बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण पर हुए उपचुनावों के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ विधायकों एच वाई मेती (बागलकोट) और शमनूर शिवशंकरप्पा (दावणगेरे दक्षिण) के निधन के कारण उपचुनाव आवश्यक हो गए।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि दोपहर तक स्थिति स्पष्ट हो सकती है। भाजपा ने पूर्व विधायक और 2023 में पराजित उम्मीदवार वीरभद्रय्या चरंतिमठ को बागलकोट से और एक नए चेहरे श्रीनिवास टी दासकरियप्पा को दावणगेरे दक्षिण से मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में दिवंगत विधायकों के परिवार के सदस्यों को उम्मीदवार बनाया है। बागलकोट से उम्मीदवार उमेश मेती, एच वाई मेती के बेटे हैं, जबकि दावणगेरे दक्षिण से समर्थ मल्लिकार्जुन, शमनूर शिवशंकरप्पा के पोते हैं।
नगालैंड-त्रिपुरा उपचुनाव: कड़ी सुरक्षा में मतगणना जारी
नगालैंड के मोकोकचुंग जिले की कोरिडांग विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच उपायुक्त कार्यालय में जारी है। पिछले साल नवंबर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं इस सीट से विधायक इम्कोंग एल. इम्चेन के निधन के कारण यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था। इस विधानसभा उपचुनाव में छह उम्मीदवार मैदान में हैं।
सत्तारूढ़ ‘पीपुल्स डेमोक्रेटिक अलायंस’ (पीडीए) में शामिल भाजपा ने दिवंगत विधायक के बेटे दाओचिर आई. इम्चेन को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने टी. चालुकुम्बा आओ को इस सीट से प्रत्याशी बना है। ‘नेशनल पीपुल्स पार्टी’ के उम्मीदवार आई. अबेनजांग हैं और निर्दलीय उम्मीदवारों में इम्चटोबा इम्चेन, इम्तिवापांग और तोशिकाबा शामिल हैं। त्रिपुरा में धर्मनगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा में जारी है।
यह भी पढ़े : LIVE: 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आज
निर्वाचन अधिकारी देबजानी चौधरी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना कक्ष के 100 मीटर के दायरे में सुबह छह बजे से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। पिछले साल दिसंबर में विधानसभा अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बिस्वा बंधु सेन के निधन के कारण आवश्यक हो गया है। इस चुनाव में भाजपा की तरफ से जे. चक्रवर्ती, माकपा के अमिताभ दत्ता और कांग्रेस से चयन भट्टाचार्य समेत छह उम्मीदवार मैदान में हैं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



