लखनऊ में सीबीआई कर्मी पर धनुष-बाण से हमला

लखनऊ, उत्तर-प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना इलाके में स्थित केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के कार्यालय के सामने तैनात एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) पर एक व्यक्ति ने धनुष-बाण से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल सीबीआई अधिकारी ने 1993 में रेलवे में भ्रष्टाचार से संबंधित एक मामले की जाँच की थी, जिसके बाद आरोपी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। हजरतगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विक्रम सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि नवल किशोर मार्ग पर स्थित सीबीआई दफ्तर के बाहर बिहार के मुंगेर के निवासी दिनेश मुर्मू (65) ने एएसआई वीरेंद्र सिंह पर धनुष बाण से हमला कर दिया, जिसकी वजह से एएसआई को सीने में चोट लगी है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई है और शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

सीबीआई कार्यालय की सुरक्षा पर उठे सवाल, जांच जारी

एसएचओ ने बताया कि सीबीआई अधिकारी ने (1993 में) रेलवे भ्रष्टाचार से संबंधित एक मुकदमे की जाँच की थी, जिसके बाद रेलवे में गैंगमैन रहे आरोपी मुर्मू को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी मानसिक रोगी प्रतीत हो रहा है, हमले में घायल सीबीआई के एएसआई को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनका जख्म करीब पाँच सेंटीमीटर गहरा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी मुर्मू को यह लगता है कि उसका मामला अब भी सीबीआई में चल रहा है, इसलिए वह इसके दफ्तर पर चक्कर लगाता रहता था। सूत्रों ने बताया कि वह 2005 में सीबीआई अधिकारी मिलने दिल्ली पहुंचा था और उसने किसी पुलिसकर्मी पर हमला बोल दिया था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। साल 2015 में जौनपुर रेलवे स्टेशन पर भी जीआरपी के एक जवान से विवाद के बाद भी उसे गिरफ्तार किया गया था।

यह भी पढ़ेंअंतरराज्यीय चोर ने पुलिस कांस्टेबल पर किया जानलेवा हमला, पुलिस आयुक्त ने की मिजाजपुर्जी

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button