मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्र से 30 लाख टन चावल की खरीद का किया अनुरोध
नयी दिल्ली, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी से मुलाकात कर रबी मौसम में राज्य से 30 लाख टन उसना चावल की खरीद, 1,468.94 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान और पोषक तत्वों से युक्त चावल (एफआरके) की आपूर्ति तत्काल बहाल करने की मांग की।
राज्य सरकार की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, रेड्डी ने कहा कि 2026 के रबी सत्र में तेलंगाना में लगभग 90 लाख टन धान उत्पादन का अनुमान है और यह उसना चावल की कुटाई के लिए उपयुक्त है। उन्होंने देश में बढ़ती मांग को देखते हुए इसकी आपूर्ति की आवश्यकता पर जोर दिया।
धान खरीद को लेकर राज्य की पहल
मुख्यमंत्री ने जोशी के साथ मुलाकात में कहा, “तेलंगाना यासंगी फसल से 30 लाख टन उसना चावल (पांच प्रतिशत टूटे दाने) और पांच लाख टन कच्चा चावल (10 प्रतिशत टूटे दाने) की आपूर्ति के लिए तैयार है।” तेलंगाना सरकार के बयान के मुताबिक, जोशी ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। रेड्डी ने 2014-15 खरीफ सत्र से संबंधित अतिरिक्त शुल्क की खरीद के 1,468.94 करोड़ रुपये के बकाया का जल्द भुगतान करने का भी आग्रह किया।
एफआरके की आपूर्ति तुरंत बहाल करने का अनुरोध करते हुए कहा कि इसे स्कूलों, छात्रावासों और एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) केंद्रों के माध्यम से बच्चों में एनीमिया (खून की कमी) और कुपोषण की रोकथाम के लिए वितरित किया जाता था, जिसे हाल में बंद कर दिया गया है। बैठक में राज्य सरकार के विशेष प्रतिनिधि ए. पी. जितेंद्र रेड्डी, समन्वय सचिव अद्वैत सिंह और केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद थे। (भाषा )
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






