मुख्यमंत्री के ओएसडी अजित रेड्डी ने किया टीजीबीआईई का दौरा

हैदराबाद, मुख्यमंत्री के ओएसडी अजित रेड्डी ने राज्य के सभी सरकारी जूनियर कॉलेजों में लागू की जा रही शैक्षणिक गतिविधियों और छात्र केंद्रित पहलों की समीक्षा के लिए तेलंगाना इंटरमीडिएट शिक्षा बोर्ड (टीजीबीआईई) कार्यालय का दौरा किया।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अजित रेड्डी ने यहाँ स्थापित कमांड कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सरकारी जूनियर कॉलेजों को कवर करने वाले राज्यव्यापी सीसीटीवी निगरानी नेटवर्क के कामकाज की समीक्षा की। समीक्षा के एक भाग के रूप में उन्होंने 430 सरकारी जूनियर कॉलेजों में छात्रों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक प्रगति के संबंध में अधिकारियों से बातचीत की। अजित रेड्डी ने छात्रों और कर्मचारियों की वास्तविक समय उपस्थिति दर्ज करने के लिए फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम के प्रभावी कार्यान्वयन की सराहना करते हुए कहा कि इसने उपस्थिति में सुधार, छात्र सुरक्षा, कर्मचारी संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन और कॉलेज संचालन में अनुशासन, पारदर्शिता आदि बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

आईवीआरएस और एचआरएमएस प्रणाली की समीक्षा

अजित रेड्डी ने इंटरैक्टिव वॉयस रिस्पांस सिस्टम की समीक्षा करते हुए छात्रों की शिकायतों के त्वरित एवं कुशल समाधान पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) पोर्टल के कार्यान्वयन द्वारा कर्मचारी अवकाश प्रबंधन, कर्मचारी प्रशासन में पारदर्शिता सुधार एवं अन्य सेवा-संबंधी प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने की सराहना की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इंटरमीडिएट पब्लिक परीक्षा (आईपीई) 2026 के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी सरकारी जूनियर कॉलेजों में बेहतर शैक्षणिक परिणाम प्राप्त करने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ काम करने के निर्देश दिए।

टीजीबीआईई के निदेशक एवं सचिव कृष्ण आदित्य ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग छात्रों के समग्र विकास के लिए कई पहल कर रहा है। सभी सरकारी जूनियर कॉलेजों को सीसीटीवी निगरानी और जमीनी स्तर पर चेहरे की पहचान आधारित उपस्थिति प्रणाली से सुदृढ़ किया गया है। इन उपायों से छात्रों की उपस्थिति में सुधार, शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की प्रभावी तैनाती और संस्थान स्तरीय प्रदर्शन की वास्तविक समय पर निगरानी संभव हुई है।

यह भी पढ़ें… चिलकुर फॉरेस्ट ट्रैक पार्क में सप्ताहांत दो अनोखे कार्यक्रम

अजित रेड्डी ने कहा कि टीजीबीआईई के विशेष अधिकारी उपस्थिति, अध्ययन समय, शिक्षण पद्धतियों और कॉलेज के बुनियादी ढाँचे की निगरानी के लिए हर माह तीन दिनों के लिए सभी सरकारी जूनियर कॉलेजों का दौरा करते हैं। इन नियमित दौरों और एकीकृत डिजिटल निगरानी प्रणालियों के माध्यम से बोर्ड बुनियादी ढाँचे की कमियों और अन्य आवश्यकताओं को अधिक सटीकता के साथ सुनिश्चित करता है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button