फिर चलेगा स्वच्छता अभियान: आर.वी. कर्णन

हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम शहर में स्वच्छता अभियान फिर शुरू करेगा। पाँच दिवसीय यह अभियान गुरुवार, 21 अगस्त से शुरू होगा। जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने बताया कि जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता अभियान फिर से चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों चलाये गये स्वच्छता अभियान के अच्छे परिणाम सामने आये।

आर.वी. कर्णन ने बताया कि मानसून के दौरान फैलने वाली मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों से बचाव के लिए पर्यावरण स्वच्छता बेहद ज़रूरी है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की संभावना कम है। यह अभियान शहर में जमा कचरे, निर्माण अपशिष्ट और पुराने कचरे को हटाने के लिए चलाया जाएगा। आयुक्त ने बताया कि पिछले विशेष अभियान में छूटी कॉलोनियों के अलावा संवेदनशील स्थानों पर जमा कचरा भी हटाया जाएगा। साथ ही लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय किए जाएँगे। लोगों को भी इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की इसमें भागीदारी होगी। उन्होंने बताया कि शहर की सड़कों पर 11,741 गड्ढों की पहचान की गयी है, जिसमें से 8,330 की मरम्मत पूरी हो चुकी है।

कर्णन ने किया यूसुफगुड़ा सर्कल का निरीक्षण

जीएचएमसी आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि शहर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। आयुक्त कर्णन ने आज शेरीलिंगमपल्ली क्षेत्र के अंतर्गत यूसुफगुड़ा सर्कल के बोराबंडा कुंटा, सुन्नम चेरुवु, एसपीआर हिल्स, कर्मिकानगर पीटी प्वाइंट, रहमतनगर, जनकमतोटा, नवीननगर आदि क्षेत्रों का दौरा कर सफाई एवं स्वच्छता की स्थिति का निरीक्षण किया। उनके साथ जोनल आयुक्त भोरखड़े हेमंत सहदेव राव तथा अतिरिक्त आयुक्त सी.एन. रघु प्रसाद मौजूद थे।

आर.वी. कर्णन ने स्वच्छता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही स्वच्छता अभियान, अपशिष्ट प्रबंधन और जन स्वास्थ्य संवर्धन नीतियों की जाँच की। आयुक्त ने स्वच्छता टीमों को आदेश दिया कि वह मौसमी बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए लगातार स्वच्छता कार्यक्रम चलाएँ। जोनल और मंडल अधिकारियों को सुझाव दिया गया कि उच्च अधिकारी मानसून के दौरान विशेष स्वच्छता कार्यक्रमों की प्रभावशीलता की निगरानी करें।

यह भी पढ़ें… दक्षिण मध्य रेलवे में महिला सशक्तिकरण का बोलबाला

आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता और जन स्वास्थ्य दोनों ही अभिन्न मुद्दे हैं। शहर के लोग तभी स्वस्थ रहेंगे, जब कॉलोनियों में स्वच्छता होगी। मानसून स्वच्छता विशेष अभियान एक स्वस्थ शहर के निर्माण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों का अह्वान किया कि आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और जीएचएमसी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान में सहयोग प्रदान करें।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button