औपनिवेशिक मानसिकता से रेलवे को पूरी तरह मुक्त करना प्राथमिकता : अश्विनी वैष्णव
हैदराबाद, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में 101 रेल अधिकारियों को 70वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार तथा विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 26 जोन को शील्ड प्रदान की। इस समारोह में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ सतीश कुमार, रेलवे बोर्ड के सदस्य तथा विभिन्न रेल मंडलों एवं उत्पादन इकाइयों के महाप्रबंधक उपस्थित रहे। अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने भारतीय रेल के विद्युतीकरण के 100 वर्ष पूर्ण होने पर डाक टिकट भी जारी किया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुरस्कार और शील्ड प्रदान करने के बाद उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी पुरस्कार विजेताओं को उनके असाधारण कार्यों और प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने पिछले एक दशक में भारतीय रेल में हुई परिवर्तनकारी प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने रेलवे में संरक्षा, रिफॉर्म, नवाचार पर बल दिया, साथ ही रेलवे से औपनिवेशिक मानसिकता को पूरी तरह से खत्म करने पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें… ओरिएंटेशन कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया शैक्षणिक भ्रमण
अत्याधुनिक तकनीक से यात्री अनुभव सुधारने की प्रतिबद्धता
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और सीईओ सतीश कुमार ने अपने स्वागत भाषण में भारत में रेल यात्रियों को विश्व स्तरीय यात्रा के अनुभव के साथ-साथ किफायती रेल सेवाएं प्रदान करने की भारतीय रेल की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। नई दिल्ली में यशोभूमि में सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रेलवे बोर्ड ने कहा कि गति, आराम और सुरक्षा के सिद्धांतों में उत्कृष्टता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हम यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक को शामिल कर रहे हैं। उन्होंने सभी पुरस्कृत अधिकारियों, कर्मचारियों की प्रशंसा की और बधाई दी।
भारतीय रेल द्वारा हर साल अपने कर्मचारियों को अति विशिष्ट रेल पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। ये पुरस्कार दो श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं, व्यक्तिगत पुरस्कार, साथ ही सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले रेलवे जोन को शील्ड प्रदान की जाती है। व्यक्तिगत पुरस्कार भारतीय रेल को अधिक कुशल, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल संगठन बनाने की दिशा में रेल कर्मियों के समर्पण, कड़ी मेहनत और असाधारण योगदान की सराहना करने और जश्न मनाने के मंच का कार्य करते हैं। विभिन्न श्रेणियों में शील्ड पुरस्कार भारतीय रेल के समग्र प्रदर्शन में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों और योगदान की प्रशंसा करते हुए प्रदान किए जाते हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



